जयपुर में रॉन्ग साइड से आई कार ने मचाया हड़कंप, फुटेज में देंखे बाइक सवार परिवार को मारी टक्कर; भागते समय कई वाहनों को रौंदा
जयपुर के आमेर थाना इलाके में रविवार देर रात रॉन्ग साइड से आई एक तेज रफ्तार कार ने सड़क पर हड़कंप मचा दिया। कुंडा के पास कार ने पहले बाइक सवार एक परिवार को टक्कर मार दी। इसके बाद चालक मौके से भागने लगा और रास्ते में एक अन्य कार समेत आधा दर्जन से अधिक वाहनों को टक्कर मार दी। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल हो गया।
बच्ची को बचाने के प्रयास में पिता घायल
जानकारी के अनुसार, कार रॉन्ग साइड से आ रही थी। कुंडा के पास उसने बाइक सवार परिवार को टक्कर मार दी। हादसे के दौरान बच्ची को बचाने के प्रयास में उसके पिता घायल हो गए।टक्कर के बाद कार चालक मौके पर रुकने के बजाय वहां से भागने लगा। इस दौरान उसने रास्ते में कई वाहनों को टक्कर मार दी। बताया जा रहा है कि एक कार समेत आधा दर्जन से अधिक वाहन उसकी चपेट में आए।
लोगों ने किया पीछा, सुनसान जगह कार छोड़कर भागा ड्राइवर
लगातार टक्कर मारकर भाग रही कार को देखकर लोगों ने उसका पीछा करना शुरू कर दिया। लोगों के पीछे आने का पता चलते ही चालक ने सुनसान जगह पर कार छोड़ दी और मौके से फरार हो गया।घटना के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार को कब्जे में लिया और आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है।
हिट एंड रन मामले की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस अब आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि फरार चालक की पहचान की जा सके। साथ ही हादसे में क्षतिग्रस्त हुए वाहनों और घायलों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।रॉन्ग साइड से वाहन चलाने और हादसे के बाद मौके से फरार होने की इस घटना को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी चालक की तलाश जारी है।