जयपुर में फूड सेफ्टी विभाग की बड़ी कार्रवाई, मैकडॉनल्ड्स से 50 लीटर खराब तेल, एक्सक्लूसिव फुटेज में देंखे डेयरी से 650 किलो नकली पनीर जब्त
राजधानी जयपुर में खाद्य सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वालों पर फूड एंड सेफ्टी डिपार्टमेंट ने सख्त कार्रवाई की है। विभाग की टीम ने मंगलवार को मालवीय नगर स्थित गौरव टॉवर के मैकडॉनल्ड्स रेस्टोरेंट और चारदीवारी इलाके की एक डेयरी पर छापा मारकर भारी मात्रा में खराब और मिलावटी खाद्य सामग्री जब्त कर नष्ट करवाई। इस कार्रवाई से शहर के फूड कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार, पहली टीम ने मालवीय नगर स्थित मैकडॉनल्ड्स रेस्टोरेंट में निरीक्षण किया। जांच के दौरान टीम ने पाया कि रेस्टोरेंट में काला और अनुपयोगी हो चुका फूड ऑयल इस्तेमाल किया जा रहा था। इसी तेल में फ्रेंच फ्राइज और अन्य खाद्य पदार्थ तले जा रहे थे, जो स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा साबित हो सकते हैं। मौके पर मौजूद अधिकारियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए करीब 50 लीटर खराब खाद्य तेल को नष्ट करवाया।
इतना ही नहीं, स्टोर रूम की जांच के दौरान 40 किलोग्राम सड़े और खराब टमाटर भी बरामद हुए। टीम ने इन टमाटरों को भी मौके पर ही नष्ट करा दिया। अधिकारियों ने रेस्टोरेंट प्रबंधन को सख्त चेतावनी देते हुए खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने के निर्देश दिए हैं। विभाग द्वारा सैंपल भी लिए गए हैं, जिन्हें लैब में जांच के लिए भेजा गया है।
वहीं दूसरी ओर, विभाग की एक अन्य टीम ने शहर के चारदीवारी क्षेत्र में स्थित एक डेयरी पर छापा मारा। यहां से 650 किलोग्राम नकली पनीर बरामद किया गया। जांच में सामने आया कि यह पनीर तेल और मिल्क पाउडर मिलाकर तैयार किया जा रहा था, जो पूरी तरह मिलावटी और अस्वास्थ्यकर था। टीम ने पूरे स्टॉक को जब्त कर मौके पर ही नष्ट करवा दिया।
अधिकारियों के मुताबिक, इस तरह का नकली पनीर बाजार में सप्लाई किया जा रहा था, जिससे आम लोगों की सेहत पर बुरा असर पड़ सकता था। विभाग ने डेयरी संचालक के खिलाफ खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है।
फूड एंड सेफ्टी विभाग ने साफ किया है कि शहर में मिलावटखोरी और खराब खाद्य सामग्री बेचने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। त्योहारों और भीड़भाड़ के सीजन में विशेष निगरानी रखी जा रही है ताकि उपभोक्ताओं को सुरक्षित और शुद्ध खाद्य पदार्थ मिल सकें।
विभाग ने आम जनता से भी अपील की है कि यदि कहीं मिलावटी या खराब खाद्य सामग्री की सूचना मिले तो तुरंत शिकायत करें। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।