जयपुर में बड़ी कार्रवाई, फ्लैट से 4 ठग गिरफ्तार, वीडियो में जाने 50 पासपोर्ट और 32 मुहर बरामद
राजधानी जयपुर में डीएसटी (वेस्ट) पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए फ्लैट में छिपे बैठे चार बदमाशों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई मंगलवार देर रात की गई, जब पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर शिवशंकर टावर अपार्टमेंट के एक फ्लैट में दबिश दी।
तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से 50 पासपोर्ट और 32 मुहरें बरामद की हैं, जिससे एक बड़े फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह गैंग विदेश में नौकरी दिलाने का झांसा देकर लोगों से ठगी करता था।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किए गए आरोपियों में कुचामन निवासी लोकेंद्र और विजयपाल सिंह, झुंझुनूं निवासी लोकश तथा रींगस निवासी गोगराज शामिल हैं। इनमें से लोकेंद्र सिंह डीडवाना-मकराना क्षेत्र का वांटेड बदमाश भी बताया जा रहा है।
डीएसटी वेस्ट की टीम को सूचना मिली थी कि झोटवाड़ा इलाके में स्थित शिवशंकर टावर अपार्टमेंट के चौथे फ्लोर पर एक फ्लैट में कुछ संदिग्ध लोग छिपे हुए हैं। इसके बाद डीएसटी इंचार्ज गणेश सैनी के नेतृत्व में टीम ने योजना बनाकर दबिश दी और चारों आरोपियों को मौके से पकड़ लिया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह गिरोह संगठित तरीके से काम कर रहा था और लोगों को विदेश में नौकरी का लालच देकर उनके दस्तावेजों और पैसे की ठगी करता था। बरामद पासपोर्ट और मुहरों की जांच की जा रही है, जिससे यह पता लगाया जा सके कि अब तक कितने लोगों को इस गिरोह ने अपना शिकार बनाया है।
फिलहाल झोटवाड़ा थाना पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और यह भी पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस नेटवर्क से और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं। पुलिस को शक है कि यह एक बड़ा अंतरराज्यीय ठगी गिरोह हो सकता है, जो लंबे समय से सक्रिय था।
इस कार्रवाई के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है और पुलिस अन्य संभावित ठिकानों पर भी नजर बनाए हुए है।