डकैत जगन गुर्जर का आज होगा अंतिम संस्कार, गांव में कड़ी सुरक्षा; वीडियो में जाने पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में मौत की वजह का खुलासा
कुख्यात डकैत जगन गुर्जर का अंतिम संस्कार आज राजस्थान के धौलपुर जिले के डांग क्षेत्र स्थित भवुतीपुरा गांव में किया जाएगा। अंतिम संस्कार से पहले गांव में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। बुधवार सुबह करीब 7:30 बजे जगन का शव उसके पैतृक गांव पहुंचा, जहां बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुटी हुई है।
9 थानों की पुलिस तैनात, अधिकारी खुद कर रहे निगरानी
संवेदनशील स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने गांव और आसपास के इलाके में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। सोने का गुर्जा, बाड़ी सदर, बाड़ी कोतवाली, बसई डांग, कंचनपुर, निहालगंज, धौलपुर सदर, राजाखेड़ा और मनिया सहित 9 थानों की पुलिस मौके पर तैनात की गई है।इसके अलावा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) श्रवण कुमार और सीओ महेंद्र कुमार स्वयं सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी कर रहे हैं, ताकि अंतिम संस्कार के दौरान किसी तरह की अप्रिय घटना न हो।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में मौत की वजह आई सामने
इस बीच, छह सदस्यीय मेडिकल बोर्ड द्वारा किए गए पोस्टमॉर्टम की प्रारंभिक रिपोर्ट में जगन गुर्जर की मौत की वजह का खुलासा हुआ है। रिपोर्ट के अनुसार, गले और गर्दन पर अत्यधिक दबाव पड़ने से उसकी मौत हुई।मेडिकल जांच में सामने आया कि दबाव के कारण उसकी हायोड बोन (गर्दन की एक महत्वपूर्ण हड्डी) टूट गई थी। इसके साथ ही गर्दन के बीच वाले हिस्से में अंदरूनी रक्तस्राव (हेमरेज) पाया गया। रिपोर्ट में सांस की नली (ट्रेकिया) और भोजन नली (इसोफेगस) के आसपास भी गंभीर चोटों के निशान मिले हैं।
करीब तीन मिनट में थम गई थीं सांसें
प्रारंभिक मेडिकल जांच के मुताबिक, गर्दन पर पड़े गंभीर दबाव के कारण जगन गुर्जर की करीब तीन मिनट के भीतर सांसें थम गई थीं, जिससे उसकी मौत हो गई।