×

दौसा बस-ट्रेलर अग्निकांड के बाद नितिन गडकरी करेंगे दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे का निरीक्षण, वीडियो में जाने सुरक्षा व्यवस्थाओं की होगी समीक्षा

 

नितिन गडकरी 8 जुलाई को दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे का निरीक्षण करेंगे। दौसा में हाल ही में हुए भीषण स्लीपर बस-ट्रेलर अग्निकांड में 8 लोगों की मौत के बाद केंद्रीय मंत्री का यह दौरा बेहद अहम माना जा रहा है। इस दौरान वह एक्सप्रेस-वे की सुरक्षा व्यवस्था, निर्माण गुणवत्ता और रखरखाव से जुड़े कामों की समीक्षा करेंगे। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के परियोजना निदेशक (PD) गजेंद्र सिंह ने बताया कि केंद्रीय मंत्री दिल्ली से कार के जरिए रवाना होंगे और दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे के रास्ते कोटा-रतलाम तक का दौरा करेंगे।

दोपहर करीब 2 बजे दौसा पहुंचेंगे गडकरी

<a style="border: 0px; overflow: hidden" href=https://youtube.com/embed/Q2JvAJh3728?autoplay=1&mute=1><img src=https://img.youtube.com/vi/Q2JvAJh3728/hqdefault.jpg alt=""><span><div class="youtube_play"></div></span></a>" style="border: 0px; overflow: hidden;" width="640">

जानकारी के अनुसार, नितिन गडकरी बुधवार दोपहर करीब 2 बजे दौसा जिले से गुजरेंगे। इस दौरान वह उस स्थान का निरीक्षण कर सकते हैं, जहां हाल ही में स्लीपर बस और ट्रेलर में भीषण आग लगी थी।इस हादसे में 8 यात्रियों की मौत हो गई थी, जिसके बाद एक्सप्रेस-वे पर सुरक्षा इंतजामों और दुर्घटना रोकने के उपायों को लेकर सवाल उठे थे।

एक्सप्रेस-वे की सुरक्षा और मेंटेनेंस की होगी जांच

केंद्रीय मंत्री अपने दौरे के दौरान दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर चल रहे मेंटेनेंस कार्य, निर्माण की स्थिति और सुरक्षा उपायों का जायजा लेंगे। इसके अलावा वह कोटा में मुकुंदरा हिल्स टाइगर रिजर्व स्थित दरा टनल का भी निरीक्षण करेंगे।दौरे के अगले चरण में गडकरी मध्य प्रदेश और गुजरात से गुजरने वाले एक्सप्रेस-वे हिस्सों की भी समीक्षा करेंगे।

अधिकारियों में बढ़ी सक्रियता

केंद्रीय मंत्री के प्रस्तावित दौरे की सूचना मिलते ही NHAI और संबंधित विभागों के अधिकारियों में हलचल तेज हो गई है। निरीक्षण को देखते हुए एक्सप्रेस-वे पर व्यवस्थाओं को बेहतर करने और जरूरी तैयारियां पूरी करने का काम शुरू कर दिया गया है।अधिकारी सड़क की स्थिति, साइनेज, सुरक्षा उपकरणों और अन्य व्यवस्थाओं की जांच कर रहे हैं, ताकि निरीक्षण के दौरान किसी तरह की कमी सामने न आए।

बस अग्निकांड के बाद उठे थे सुरक्षा पर सवाल

गौरतलब है कि कुछ दिन पहले दौसा जिले में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर एक स्लीपर बस और ट्रेलर की टक्कर के बाद भीषण आग लग गई थी। इस हादसे में 8 लोगों की मौत हुई थी।घटना के बाद एक्सप्रेस-वे पर सुरक्षा मानकों, भारी वाहनों की निगरानी और निर्माण गुणवत्ता को लेकर कई सवाल उठे। लोगों ने मांग की थी कि भविष्य में ऐसे हादसों को रोकने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।

अब केंद्रीय मंत्री के निरीक्षण के दौरान एक्सप्रेस-वे की सुरक्षा व्यवस्था और हादसे के कारणों से जुड़े पहलुओं की समीक्षा किए जाने की संभावना है। माना जा रहा है कि इस दौरे के बाद सड़क सुरक्षा को लेकर नए निर्देश जारी किए जा सकते हैं।