दौसा रेलवे स्टेशन को मिला नया स्वरूप, 15 करोड़ की लागत से हुआ पुनर्विकास; वीडियो में जाने PM मोदी करेंगे वर्चुअल उद्घाटन
रेल यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। रेलवे की अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत राजस्थान के दौसा रेलवे स्टेशन का कायाकल्प पूरा हो गया है। करीब 15 करोड़ रुपए की लागत से पुनर्विकसित किए गए इस स्टेशन का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को वर्चुअल माध्यम से करेंगे। प्रधानमंत्री पंजाब के जालंधर से आयोजित कार्यक्रम में देशभर के 75 अमृत भारत रेलवे स्टेशनों का लोकार्पण करेंगे। इनमें राजस्थान के आठ रेलवे स्टेशन भी शामिल हैं, जिन्हें आधुनिक सुविधाओं और बेहतर यात्री सेवाओं के साथ नया स्वरूप दिया गया है।
राजस्थान के 8 स्टेशनों का होगा लोकार्पण
अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत राजस्थान के जिन रेलवे स्टेशनों का उद्घाटन किया जाएगा, उनमें शामिल हैं—
- दौसा रेलवे स्टेशन
- बाड़मेर रेलवे स्टेशन
- डीग रेलवे स्टेशन
- गंगापुर सिटी रेलवे स्टेशन
- गोटन रेलवे स्टेशन
- जैसलमेर रेलवे स्टेशन
- खैरथल रेलवे स्टेशन
- सोमेसर रेलवे स्टेशन
इन सभी स्टेशनों का पुनर्विकास यात्रियों की सुविधा और भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए किया गया है।
आधुनिक सुविधाओं से लैस हुआ दौसा स्टेशन
दौसा रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास कार्य पर करीब 15 करोड़ रुपए खर्च किए गए हैं। स्टेशन भवन को आधुनिक स्वरूप दिया गया है और यात्रियों की सुविधाओं का विस्तार किया गया है।नए डिजाइन और बेहतर व्यवस्थाओं के साथ स्टेशन को यात्रियों के लिए अधिक सुविधाजनक बनाया गया है। इसमें यात्री प्रतीक्षालय, बेहतर प्रवेश और निकास व्यवस्था सहित कई सुविधाओं को विकसित किया गया है।
यात्री सुविधाओं पर विशेष जोर
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने बताया कि अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत इन स्टेशनों का पुनर्विकास किया गया है।उन्होंने बताया कि स्टेशन भवनों को आधुनिक रूप देने के साथ-साथ यात्रियों की सुविधा के लिए कई नए इंतजाम किए गए हैं। रेलवे का उद्देश्य है कि छोटे और बड़े सभी स्टेशनों को आधुनिक सुविधाओं से जोड़ा जाए और यात्रियों को बेहतर अनुभव मिले।
अमृत भारत स्टेशन योजना से बदल रही तस्वीर
केंद्र सरकार की अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत देशभर के रेलवे स्टेशनों का चरणबद्ध तरीके से विकास किया जा रहा है। इस योजना में स्टेशन भवनों का आधुनिकीकरण, यात्री सुविधाओं का विस्तार, बेहतर पार्किंग व्यवस्था और स्टेशन परिसर को आकर्षक बनाने जैसे कार्य शामिल हैं।राजस्थान के इन आठ स्टेशनों के उद्घाटन के बाद यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलने की उम्मीद है। रेलवे का कहना है कि आने वाले समय में प्रदेश के अन्य स्टेशनों को भी इस योजना के तहत विकसित किया जाएगा।