चूरू के अभिषेक कुल्हरी ने रचा इतिहास, वीडियो में देंखे RAS 2024 में ब्लाइंड कैटेगरी में हासिल की दूसरी रैंक
राजस्थान के चूरू जिले से एक प्रेरणादायक सफलता की कहानी सामने आई है, जहां अभिषेक कुल्हरी ने राजस्थान प्रशासनिक सेवा (RAS) 2024 के परिणाम में ब्लाइंड कैटेगरी में दूसरी रैंक हासिल कर प्रदेश का नाम रोशन किया है। उनकी यह उपलब्धि न केवल व्यक्तिगत संघर्ष की जीत है, बल्कि उन सभी के लिए प्रेरणा है जो कठिन परिस्थितियों के बावजूद आगे बढ़ने का साहस रखते हैं।अभिषेक कुल्हरी का जीवन आसान नहीं रहा। एक सड़क दुर्घटना में उन्होंने अपनी दोनों आंखों की रोशनी खो दी थी। इस घटना के बाद कई लोगों ने उन्हें निराशाजनक बातें कही थीं। अभिषेक के अनुसार, कुछ लोगों ने यहां तक कह दिया था कि अब उनके जीवन में आगे कुछ नहीं हो सकता। लेकिन इन्हीं तानों और नकारात्मक बातों ने उनके भीतर संघर्ष की एक नई ऊर्जा पैदा की।
उन्होंने बताया कि इस कठिन समय में उन्होंने मेडिटेशन का सहारा लिया, जिससे उन्हें मानसिक शांति र सकारात्मक ऊर्जा मिली। इसी दौरान उन्होंने खुद से वादा किया कि अब वह अपनी किस्मत दूसरों के भरोसे नहीं छोड़ेंगे और अपने भविष्य की “लकीरें” खुद बनाएंगे।राजगढ़ के रहने वाले अभिषेक ने यह भी बताया कि यह उनका RAS परीक्षा के लिए दूसरा प्रयास था। वर्ष 2023 में वह चयन से मात्र तीन अंकों के अंतर से चूक गए थे, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी और लगातार अपनी तैयारी जारी रखी। आखिरकार 2024 के परिणाम में उन्होंने सफलता हासिल कर ली।
सामान्य श्रेणी (जनरल कैटेगरी) में भी अभिषेक की रैंक 2210 रही है, जो उनकी मेहनत और लगन को दर्शाती है। उनकी यह उपलब्धि इसलिए भी खास है क्योंकि उन्होंने हर चुनौती को पीछे छोड़ते हुए यह मुकाम हासिल किया है।अभिषेक कुल्हरी का जीवन सिर्फ पढ़ाई तक सीमित नहीं रहा है। वे एक पैरा एथलीट भी रहे हैं और उन्होंने राज्य स्तर पर कई मेडल भी जीते हैं। खेलों में उनकी भागीदारी ने उन्हें मानसिक और शारीरिक रूप से और मजबूत बनाया।
उनकी यह सफलता यह संदेश देती है कि परिस्थितियां चाहे कितनी भी कठिन क्यों न हों, दृढ़ संकल्प, मेहनत और आत्मविश्वास के साथ हर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। अभिषेक की कहानी आज उन सभी युवाओं के लिए प्रेरणा बन गई है जो अपने सपनों को पूरा करने के लिए संघर्ष कर रहे हैं।