बीकानेर में खेत की डिग्गी में डूबकर तीन सगी बहनों की मौत, वीडियो में समझें कैसे एक दूसरे को बचाने की कोशिश में तीनों डूबी
राजस्थान के बीकानेर जिले में गुरुवार शाम एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां खेत की डिग्गी में डूबने से तीन सगी बहनों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान धापू, अन्नू और सुशीला के रूप में हुई है। इस हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई है और गांव में मातम का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, तीनों बहनें गुरुवार शाम करीब 7 बजे खेत में काम करने और पशुओं को पानी पिलाने के लिए गई थीं। इसी दौरान किसी कारणवश एक बहन का पैर फिसल गया और वह डिग्गी में गिर गई। उसे बचाने के प्रयास में बाकी दोनों बहनें भी पानी में उतर गईं, लेकिन गहराई और पानी के तेज दबाव के चलते तीनों ही डूब गईं।
घटना की सूचना मिलते ही देर शाम तक ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और राहत कार्य शुरू किया गया। स्थानीय तैराकों की मदद से डिग्गी में तलाश अभियान चलाया गया, जिसमें काफी मशक्कत के बाद दो बहनों के शव बाहर निकाल लिए गए।
तीसरी बहन का शव देर रात तक नहीं मिलने पर प्रशासन ने जेसीबी मशीन बुलाकर डिग्गी को आंशिक रूप से तोड़ने का निर्णय लिया, जिसके बाद शव को बाहर निकाला जा सका। सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है, जो शुक्रवार सुबह किया जाएगा।
हादसे की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में गम का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों ने प्रशासन से ऐसे जलस्रोतों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग भी की है, ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाओं को रोका जा सके।