बीकानेर के ऐतिहासिक गजनेर पैलेस में चोरी, सरदार निवास का ताला तोड़कर ले गए कीमती पीतल-तांबे के बर्तन; CCTV खंगाल रही पुलिस
राजस्थान के ऐतिहासिक गजनेर पैलेस में चोरी का मामला सामने आया है। पैलेस परिसर स्थित सरदार निवास में अज्ञात चोर कमरे का ताला तोड़कर पुराने और कीमती पीतल, तांबा और कांसे के बर्तन सहित अन्य सामान चोरी कर ले गए। घटना की सूचना मिलने के बाद गजनेर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपियों की पहचान के लिए पैलेस और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
जानकारी के अनुसार, सरदार निवास परिसर के एक कमरे का ताला टूटा हुआ मिला। जब कर्मचारियों ने अंदर जाकर देखा तो वहां रखा कीमती सामान गायब था। चोर कमरे में रखे पुराने पीतल, तांबा और कांसे के बर्तनों को अपने साथ ले गए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, चोरी हुए बर्तन काफी पुराने और ऐतिहासिक महत्व के बताए जा रहे हैं।इसके अलावा कमरे से प्लास्टर चोरी होने की भी जानकारी सामने आई है। हालांकि पुलिस अभी चोरी हुए सामान की पूरी सूची और उसकी कीमत का आकलन कर रही है।
पैलेस मैनेजर ने दर्ज कराई एफआईआर
गजनेर पैलेस के मैनेजर नारायण सिंह राठौड़ ने गजनेर थाने में घटना की एफआईआर दर्ज कराई है। रिपोर्ट में किसी भी व्यक्ति पर संदेह व्यक्त नहीं किया गया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
मौके पर पहुंची पुलिस, जुटाए साक्ष्य
रविवार शाम मामला दर्ज होने के बाद पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास से साक्ष्य जुटाए। जांच अधिकारी पैलेस परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाल रहे हैं, ताकि संदिग्ध गतिविधियों और आरोपियों की पहचान की जा सके।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है। जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने का प्रयास किया जाएगा।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
ऐतिहासिक महत्व वाले गजनेर पैलेस में हुई इस चोरी ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। कीमती और विरासत से जुड़े सामान की चोरी की घटना के बाद स्थानीय लोगों और पर्यटन से जुड़े लोगों में भी चिंता का माहौल है।फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। चोरी हुए सामान की बरामदगी और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।