×

बीकानेर के पीबीएम अस्पताल में डॉक्टर की दबंगई, मरीज के बाल पकड़कर पीटा, वीडियो वायरल

 

बीकानेर के सबसे बड़े पीबीएम अस्पताल से मानवता को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। यहां हाथ लगाने की बात पर एक डॉक्टर इस कदर भड़क गया कि उसने दर्द से तड़प रहे मरीज के साथ मारपीट कर दी। आरोप है कि डॉक्टर ने युवक के बाल पकड़कर उसे पीटा और थप्पड़ मारे। इस दौरान मरीज की मां हाथ जोड़कर डॉक्टर से रहम की गुहार लगाती रही, लेकिन डॉक्टर का गुस्सा शांत नहीं हुआ। घटना का वीडियो सामने आने के बाद अस्पताल प्रशासन और चिकित्सा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

<a style="border: 0px; overflow: hidden" href=https://youtube.com/embed/3ED8I1vc8Sw?autoplay=1&mute=1><img src=https://img.youtube.com/vi/3ED8I1vc8Sw/hqdefault.jpg alt=""><span><div class="youtube_play"></div></span></a>" style="border: 0px; overflow: hidden;" width="640">

यह घटना 29 दिसंबर की रात करीब 10 बजे की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, युवक सीने में तेज दर्द की शिकायत लेकर पीबीएम अस्पताल पहुंचा था। परिजनों का आरोप है कि इमरजेंसी में तैनात डॉक्टर समय पर इलाज नहीं कर रहा था। इसी दौरान युवक ने डॉक्टर को हाथ लगाकर जल्दी देखने के लिए कहा, जिससे डॉक्टर नाराज हो गया। इसके बाद डॉक्टर ने आपा खोते हुए युवक के साथ मारपीट शुरू कर दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, डॉक्टर ने युवक के बाल पकड़कर उसे मारा और कई थप्पड़ जड़ दिए। युवक दर्द से कराहता रहा और उसकी हालत बिगड़ती चली गई। वहीं उसकी मां बीच-बचाव करती रही और हाथ जोड़कर बेटे को छोड़ने की मिन्नतें करती नजर आई। लेकिन डॉक्टर पर इसका कोई असर नहीं हुआ।

मारपीट की इस घटना के बाद डॉक्टर कुछ देर के लिए वहां से चला गया। आरोप है कि बाद में वह वापस तो आया, लेकिन युवक का इलाज किए बिना ही फिर से चला गया। इस दौरान युवक सीने पर हाथ रखे दर्द से तड़पता रहा और परिजन मदद की गुहार लगाते रहे। मरीज को समय पर इलाज नहीं मिलने से परिजनों में भारी आक्रोश है।

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिसके बाद मामला तूल पकड़ता जा रहा है। वीडियो में साफ तौर पर मरीज के साथ मारपीट और मां की बेबसी दिखाई दे रही है। लोगों ने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए दोषी डॉक्टर के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

मरीज की मां का कहना है कि उनका बेटा गंभीर हालत में था और सिर्फ इलाज में देरी होने पर उसने डॉक्टर से जल्दी देखने की बात कही थी। इसके बदले में उनके बेटे के साथ बेरहमी से मारपीट की गई और इलाज से भी वंचित कर दिया गया।

फिलहाल इस मामले में अस्पताल प्रशासन की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार किया जा रहा है। वहीं, वीडियो सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग पर दबाव बढ़ गया है। लोगों का कहना है कि अगर सरकारी अस्पतालों में मरीजों के साथ ऐसा व्यवहार होगा तो आम आदमी कहां जाएगा। अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में क्या कार्रवाई करता है।