बीकानेर महापड़ाव खत्म, सरकार ने खेजड़ी वृक्ष की कटाई पर पूरे राजस्थान में रोक लगाई
बीकानेर में 11 दिन तक जारी खेजड़ी बचाव महापड़ाव गुरुवार (12 फरवरी) की देर शाम खत्म हो गया। स्थानीय लोग लंबे समय से सौर ऊर्जा परियोजनाओं के लिए खेजड़ी वृक्ष की कटाई का विरोध कर रहे थे। धरना स्थल पर सरकार की ओर से एक प्रतिनिधिमंडल भेजा गया, जिसमें मंत्री केके बिश्नोई, बीजेपी उपाध्यक्ष बिहारी बिश्नोई, जसवंत बिश्नोई और पब्बाराम बिश्नोई शामिल थे। प्रतिनिधिमंडल ने आंदोलनकारियों से बातचीत की और उनके सुझाव सुने।
वार्ता के बाद सरकार ने बड़ा फैसला लिया। राजस्थान के सभी जिलों में खेजड़ी वृक्ष की कटाई पर रोक का आदेश जारी किया गया। राजस्व सचिव ने लिखित आदेश के माध्यम से सभी कलेक्टरों को निर्देश दिए हैं कि किसी भी परियोजना या निजी योजना के तहत खेजड़ी वृक्ष की कटाई न की जाए।
साथ ही, सरकार ने इस संबंध में विधानसभा में बिल लाने की योजना भी बनाई है, जिससे खेजड़ी वृक्ष का संरक्षण कानूनी रूप से सुनिश्चित हो सके। स्थानीय लोगों और पर्यावरणविदों ने इस फैसले का स्वागत किया है और इसे राजस्थान में पर्यावरण संरक्षण और समुदाय की भागीदारी की जीत बताया है।