PBM अस्पताल में एक और प्रसूता की हालत बिगड़ी, फुटेज में देंखे ICU में भर्ती; अब 4 महिलाएं गंभीर, 2 वेंटिलेटर पर
बीकानेर के पीबीएम अस्पताल में प्रसूताओं की तबीयत बिगड़ने का मामला लगातार गंभीर होता जा रहा है। शनिवार को एक और प्रसूता की हालत खराब होने पर उसे आईसीयू में भर्ती किया गया। इसके साथ ही अस्पताल के आईसीयू में भर्ती गंभीर प्रसूताओं की संख्या बढ़कर चार हो गई है, जबकि इनमें से दो महिलाओं को वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया है।
कार्यवाहक अधीक्षक डॉ. परमेंद्र सिरोही ने बताया कि 8 जून को कमला पत्नी मेघराज की डिलीवरी हुई थी। प्रसव के बाद से ही उसकी तबीयत लगातार खराब बनी हुई थी। हालत बिगड़ने पर उसे आईसीयू में शिफ्ट किया गया, जहां अब तक उसके तीन डायलिसिस किए जा चुके हैं।
किडनी खराब होने की आशंका
अस्पताल प्रशासन के अनुसार, संबंधित महिला की किडनी प्रभावित होने की जानकारी सामने आई है। डॉक्टरों की टीम लगातार उसकी निगरानी कर रही है और आवश्यक उपचार दिया जा रहा है।
4 प्रसूताएं ICU में, 2 वेंटिलेटर पर
पीबीएम अस्पताल में प्रसव के बाद गंभीर रूप से बीमार हुई महिलाओं की संख्या बढ़ने से स्वास्थ्य विभाग की चिंता भी बढ़ गई है। वर्तमान में चार महिलाओं का इलाज आईसीयू में चल रहा है, जिनमें से दो की हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है और उन्हें वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया है।
आंखों की रोशनी जाने के दावे पर अस्पताल का बयान
इधर, दो प्रसूताओं की आंखों की रोशनी चले जाने की चर्चाओं पर कार्यवाहक अधीक्षक डॉ. सिरोही ने कहा कि फिलहाल दोनों महिलाएं अचेत अवस्था में हैं। ऐसे में यह कहना संभव नहीं है कि उन्हें दिखाई दे रहा है या नहीं। उन्होंने कहा कि मरीजों की स्थिति स्थिर होने और होश में आने के बाद ही इस संबंध में कोई स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी।
जांच और निगरानी जारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए अस्पताल प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम मरीजों का उपचार कर रही है और उनकी बिगड़ती सेहत के कारणों की भी जांच की जा रही है। प्रसूताओं की लगातार खराब होती स्थिति ने अस्पताल प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। वहीं, परिजन भी पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और बेहतर उपचार की मांग कर रहे हैं।