उत्साह से सिख समाज ने मनाया प्रकाश पर्व
गुरुद्वारा गुरु नानक सभा के सचिव ऋषि पाल सिंह ने बताया कि आज पूरे विश्व में गुरु नानक देव का 555वां प्रकाशोत्सव उत्साह और खुशी के साथ मनाया जा रहा है. गुरुद्वारा सिंधु नगर में सुबह से ही विशेष कीर्तन दीवान सजाए गए। साथ ही संगत गुरु का लंगर भी परोस रही है। प्रकाश पर्व की खुशी में पिछले कुछ दिनों से प्रभात फेरी का भी आयोजन किया गया था, जिसमें छोटे-छोटे बच्चों ने गुरुवाणी कीर्तन भी किया था.
प्रकाश पर्व पर आज सुबह 5 बजे कीर्तन दीवान की शुरुआत की गई. सुबह 8.30 बजे श्री अखंड पाठ साहिब की समाप्ति हुई। 10 बजे दूसरा दीवान शुरू हुआ, जिसमें बाहर से आए रागी जत्था के ज्ञानी करनैल सिंह, सुखबीर सिंह और सुखविंदर सिंह और उनके साथी कार्यक्रम में शामिल हुए. दोपहर 1.30 बजे सामूहिक प्रार्थना हुई। शाम 7.30 बजे से 9.30 बजे तक विशेष कीर्तन दीवान भी आयोजित किया जाएगा।