×

3 रुपए के लिए टीचर ने बच्ची को डंडे से पीटा, पीठ पर हुए घाव, छात्रा ने ग्राउंड में गिरे पैसे उठा लिए थे, वीडियो में समझें पुरा मामला

 

राजस्थान के भरतपुर जिले से एक सरकारी स्कूल में मासूम बच्ची के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक महिला टीचर ने तीसरी कक्षा में पढ़ने वाली 8 वर्षीय बच्ची को केवल 3 रुपए उठाने पर बेरहमी से पीट दिया। बच्ची की पीठ पर डंडों के निशान और घाव होने के बाद परिजनों ने थाने में मामला दर्ज कराया है।

<a style="border: 0px; overflow: hidden" href=https://youtube.com/embed/ZoFqbIfZIrw?autoplay=1&mute=1><img src=https://img.youtube.com/vi/ZoFqbIfZIrw/hqdefault.jpg alt=""><span><div class="youtube_play"></div></span></a>" style="border: 0px; overflow: hidden;" width="640">

घटना सोमवार 11 मई की बताई जा रही है। बच्ची की मां ने मंगलवार को सेवर थाने में आरोपी टीचर के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई और सख्त कार्रवाई की मांग की है। परिजनों के अनुसार, बच्ची गांव के एक सरकारी स्कूल में तीसरी कक्षा में पढ़ती है। सोमवार सुबह स्कूल परिसर में किसी बच्चे की जेब से 3 रुपए गिर गए थे। बच्ची ने वे रुपए उठाकर अपनी जेब में रख लिए। इस दौरान कुछ अन्य बच्चों ने उसे ऐसा करते देख लिया और उसे पकड़कर टीचर के पास ले गए।

मां का आरोप है कि टीचर ने पहले बच्ची को डांटा और फिर गुस्से में उसकी पीठ पर डंडों से कई वार किए। पिटाई इतनी ज्यादा थी कि बच्ची की पीठ पर गंभीर निशान और घाव हो गए।

स्कूल से छुट्टी के बाद बच्ची रोते हुए घर पहुंची। जब मां ने उससे रोने का कारण पूछा, तो उसने अपनी पीठ दिखाई, जहां डंडों के निशान साफ नजर आ रहे थे। यह देखकर परिवार के लोग हैरान रह गए।

इसके बाद बच्ची के परिजन तुरंत स्कूल पहुंचे और संबंधित टीचर से शिकायत की। हालांकि, मामले को लेकर विवाद बढ़ने के बाद परिवार ने पुलिस का सहारा लिया और सेवर थाने में शिकायत दर्ज करवाई।

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बच्ची का मेडिकल करवाए जाने की भी जानकारी सामने आई है। वहीं शिक्षा विभाग की ओर से भी मामले की जानकारी ली जा रही है।

इस घटना के सामने आने के बाद इलाके में आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों और अभिभावकों ने स्कूलों में बच्चों के साथ होने वाली मारपीट की घटनाओं पर चिंता जताई है। लोगों का कहना है कि बच्चों को अनुशासन सिखाने के नाम पर शारीरिक हिंसा किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जा सकती।