×

गुड़ामालानी में हनीट्रैप केस की महिला आरोपी थाने से फरार, गिरफ्तारी के 7-8 घंटे बाद पुलिस को चकमा दिया; तलाश में 4 टीमें

 

बाड़मेर के बालोतरा जिले की गुड़ामालानी में सरपंच को कथित हनीट्रैप में फंसाकर रुपए ऐंठने के मामले में गिरफ्तार महिला आरोपी पुलिस को चकमा देकर थाने से फरार हो गई। महिला को चार अन्य आरोपियों के साथ बुधवार रात गिरफ्तार किया गया था। गिरफ्तारी के करीब 7 से 8 घंटे बाद ही वह पुलिस की निगरानी से निकल गई। महिला के फरार होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।महिला की तलाश के लिए पुलिस ने चार अलग-अलग टीमें गठित की हैं। पुलिस आसपास के गांवों और संभावित रास्तों पर तलाश अभियान चला रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पुलिस को आशंका है कि महिला थाने से निकलने के बाद पैदल डाबड़ और काजी की ढाणी गांव की तरफ गई होगी। पुलिस इन इलाकों में भी संभावित ठिकानों पर तलाश कर रही है।

इंस्टाग्राम पर दोस्ती के बाद ब्लैकमेलिंग का आरोप

मामले में पूर्व सरपंच ने आरोप लगाया है कि महिला ने इंस्टाग्राम के जरिए मौजूदा सरपंच से दोस्ती की थी। इसके बाद उसे कथित तौर पर झांसे में लेकर अश्लील वीडियो के जरिए ब्लैकमेल किया गया। आरोप है कि वीडियो वायरल करने की धमकी देकर सरपंच से 50 लाख रुपए की रंगदारी मांगी गई।शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की थी। जांच के बाद बुधवार रात महिला समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस अब गिरफ्तार किए गए अन्य आरोपियों से पूछताछ कर रही है, ताकि कथित हनीट्रैप की पूरी साजिश और इसमें शामिल अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा सके।

थाने से कैसे फरार हुई, इसकी भी जांच

डीएसपी सुमेर सिंह ने बताया कि महिला आरोपी को बुधवार रात गिरफ्तार किया गया था। गुरुवार सुबह वह पुलिस को चकमा देकर थाने से पैदल निकल गई। महिला के फरार होने के बाद उसकी तलाश के लिए पुलिस की चार टीमें लगाई गई हैं।पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि महिला थाने से किस तरह बाहर निकली और उस समय ड्यूटी पर कौन-कौन से पुलिसकर्मी तैनात थे। थाने और आसपास के इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा सकती है, जिससे महिला के फरार होने के रास्ते और आगे की दिशा का पता लगाया जा सके।फिलहाल पुलिस की टीमें महिला की तलाश में जुटी हुई हैं। वहीं गिरफ्तार किए गए अन्य आरोपियों से पूछताछ के आधार पर हनीट्रैप मामले में कथित रूप से शामिल लोगों और रुपए की मांग से जुड़े पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही मामले में आरोपों और घटनाक्रम की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।