बाड़मेर में 50 फीट ऊंची पानी की टंकी पर चढ़ा युवक, वीडियो में देखे खुद को नुकसान पहुंचाने की कोशिश; हेल्पर और होमगार्ड ने बचाया
बाड़मेर शहर में गुरुवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवक करीब 50 फीट ऊंची पानी की टंकी पर चढ़ गया। युवक को टंकी पर चढ़ा देखकर मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। भीड़ बढ़ने के बाद युवक ने खुद को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की और करीब एक घंटे तक टंकी पर बैठा रहा। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और युवक को सुरक्षित नीचे उतारने के लिए प्रयास शुरू किए। aघटना बाड़मेर शहर के गेहू रोड स्थित रेलवे कुआं नंबर 3 स्कूल के पास की बताई जा रही है। गुरुवार सुबह करीब साढ़े 8 बजे राहगीरों ने एक युवक को पानी की टंकी के ऊपर देखा। युवक की पहचान जसराज जांगिड़ के रूप में हुई है। बताया गया कि वह अर्द्धनग्न हालत में टंकी पर चढ़ा था।
करीब एक घंटे तक टंकी पर बैठा रहा युवक
युवक के टंकी पर चढ़ने की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए। नीचे खड़े लोगों ने युवक से टंकी पर चढ़ने का कारण जानने की कोशिश की, लेकिन उसने कोई जवाब नहीं दिया। पुलिस और स्थानीय लोग लगातार उससे बातचीत करते रहे, ताकि उसका ध्यान अपनी ओर बनाए रखा जा सके और उसे सुरक्षित नीचे उतारा जा सके। इसी दौरान युवक ने खुद को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की, जिससे वह घायल हो गया। वह करीब एक घंटे तक लहूलुहान हालत में टंकी पर बैठा रहा। मौके पर मौजूद लोगों में भी इस घटना को लेकर चिंता बनी रही।
पीछे से टंकी पर चढ़े हेल्पर और होमगार्ड
युवक को सुरक्षित नीचे उतारने के लिए जलदाय विभाग के हेल्पर पीरदान सिंह और होमगार्ड जवान खीराराम भील ने सूझबूझ से काम लिया। पुलिस और लोगों ने युवक को बातचीत में उलझाए रखा। इसी दौरान दोनों पीछे की तरफ से टंकी पर चढ़ गए।दोनों ने सावधानी से युवक को पकड़ने का प्रयास किया। युवक ने विरोध करते हुए खुद को छुड़ाने की कोशिश की, लेकिन हेल्पर और होमगार्ड जवान ने हिम्मत नहीं छोड़ी। दोनों ने उसके हाथ-पैर पकड़कर उसे काबू किया और सुरक्षित तरीके से टंकी से नीचे उतार लिया।
अस्पताल में भर्ती करवाया
युवक को नीचे उतारने के बाद पुलिस ने उसे उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज कराया गया। घटना के बाद पुलिस पूरे मामले की जानकारी जुटा रही है। युवक आखिर किस वजह से पानी की टंकी पर चढ़ा था, इसे लेकर फिलहाल स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।घटना के दौरान मौके पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए थे। हेल्पर और होमगार्ड जवान की सूझबूझ से युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया और बड़ा हादसा टल गया।