6 वर्षीय बच्चे ने निगला सिक्का, वीडियो में देंखे 15 मिनट के ऑपरेशन में डॉक्टरों ने बचाई जान
राजस्थान के बांसवाड़ा स्थित एमजी हॉस्पिटल में गुरुवार शाम एक 6 वर्षीय बच्चे ने खेलते समय गलती से सिक्का निगल लिया, जो उसके गले में फंस गया। यह घटना कुशलगढ़ के चरकनी गांव की बताई जा रही है। सिक्का फंसने के कारण बच्चे को सांस लेने में गंभीर परेशानी होने लगी, जिसके बाद परिजन उसे तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे।
जानकारी के अनुसार, बच्चे को शाम करीब 7 बजे खेलते समय सिक्का निगलते ही हालत बिगड़ने लगी। स्थिति गंभीर होने पर परिजन उसे तत्काल एमजी हॉस्पिटल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे तुरंत प्राथमिक उपचार दिया।
डॉक्टरों ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए रात करीब पौने 10 बजे ऑपरेशन शुरू किया। एमजी हॉस्पिटल के डॉक्टर संदीप जोशी के नेतृत्व में मेडिकल टीम ने करीब 15 मिनट की त्वरित प्रक्रिया में दूरबीन (एंडोस्कोपी) की मदद से सिक्का सफलतापूर्वक बाहर निकाल दिया।
डॉक्टरों के अनुसार, ऑपरेशन से पहले बच्चे को बेहोश किया गया ताकि प्रक्रिया के दौरान वह कोई हरकत न कर सके। इसके बाद मुंह के रास्ते एक पतली दूरबीन आहार नली में डाली गई, जिसमें लगे कैमरे की मदद से सिक्के की सटीक स्थिति का पता लगाया गया। इसके बाद विशेष उपकरण से सावधानीपूर्वक सिक्के को पकड़कर बाहर निकाला गया।
पूरी प्रक्रिया के दौरान बच्चे की सांस और हार्टबीट पर लगातार नजर रखी गई ताकि किसी भी प्रकार की जटिलता न हो। समय पर इलाज मिलने और डॉक्टरों की तत्परता के कारण बच्चे की जान बच गई और अब उसकी हालत स्थिर और सामान्य बताई जा रही है।
डॉक्टरों ने इस घटना के बाद अभिभावकों से अपील की है कि छोटे बच्चों को छोटी और धातु की वस्तुओं से दूर रखें, क्योंकि ऐसी लापरवाही गंभीर हादसों का कारण बन सकती है।