बांसवाड़ा में हाथी ने युवक को सूंड से उठाकर पटका, पैर से कुचला; फुटेज में जाने परिजनों ने लगाए हमले के आरोप, पुलिस ने बताई अलग कहानी
राजस्थान के बांसवाड़ा जिले में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक युवक पर हाथी ने हमला कर दिया, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। बताया जा रहा है कि हाथी ने पहले युवक को अपनी सूंड से उठाकर जमीन पर पटक दिया और फिर पैर से कुचल दिया। हादसे में युवक की पसलियां टूट गईं और गंभीर हालत में उसे बांसवाड़ा से उदयपुर रेफर किया गया है। घटना के बाद युवक के परिजनों ने हाथी वाले साधु बाबा पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि पैसे को लेकर विवाद के बाद हाथी से हमला करवाया गया। हालांकि पुलिस ने इन आरोपों को गलत बताया है और घटना को हाथी के उग्र होने का परिणाम बताया है।
500 रुपये मांगने का लगाया आरोप
मामला बांसवाड़ा जिले के पाटन थाना क्षेत्र का है। घटना गुरुवार शाम करीब 7 बजे की बताई जा रही है।घायल युवक के भांजे कालू ने बताया कि उसके मामा प्रभु पुत्र हकरिया, निवासी पणदा, गेहूं पिसवाने के लिए छोटी सरवा गए थे। वहां से लौटते समय रास्ते में उनकी मुलाकात हाथी वाले साधु बाबा से हुई।कालू के अनुसार, मामा ने बाबा को 20 रुपये दिए थे। आरोप है कि इसके बाद बाबा ने उनसे 500 रुपये और मांगे। जब प्रभु ने पैसे देने से मना किया तो दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।
हाथी से हमला करवाने का आरोप
परिजनों का आरोप है कि विवाद के दौरान हाथी पर बैठे बाबा ने हाथी को इशारा किया, जिसके बाद हाथी ने प्रभु पर हमला कर दिया।आरोप है कि हाथी ने पहले युवक को अपनी सूंड से उठाकर जमीन पर पटक दिया और फिर उसके सीने पर पैर रख दिया। इस हमले में उसकी पसलियां टूट गईं और वह गंभीर रूप से घायल हो गया।घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उदयपुर रेफर कर दिया गया।
पुलिस ने आरोपों को बताया गलत
वहीं, पुलिस ने परिजनों के आरोपों से अलग जानकारी दी है। पुलिस का कहना है कि पैसे के विवाद के कारण जानबूझकर हाथी से हमला करवाने की बात सही नहीं है।पुलिस के अनुसार, युवक बार-बार हाथी की सूंड के पास जा रहा था। इससे हाथी असहज हो गया और गुस्से में आकर उसने युवक पर हमला कर दिया।पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
जांच के बाद होगी आगे की कार्रवाई
फिलहाल घायल युवक का इलाज उदयपुर में जारी है। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।घटना के बाद इलाके में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। वहीं, वन्यजीव विशेषज्ञ भी लगातार लोगों को सलाह देते हैं कि हाथी जैसे बड़े जानवरों के बेहद करीब जाने से बचना चाहिए, क्योंकि अचानक प्रतिक्रिया खतरनाक साबित हो सकती है।