मायके जाने की बात पर पति बना हैवान, कुल्हाड़ी और लाठी से पत्नी की हत्या; वीडियो में देंखे आरोपी 2 दिन की रिमांड पर
घरेलू विवाद ने एक बार फिर खौफनाक रूप ले लिया। मायके जाने की बात पर हुए झगड़े के बाद गुस्साए पति ने अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपी ने पहले कुल्हाड़ी से पत्नी के सिर पर हमला किया और फिर लाठी से उसके हाथ-पैरों पर ताबड़तोड़ वार किए। गंभीर रूप से घायल महिला को परिजन अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया। पुलिस ने तलाश अभियान चलाकर उसे गांव के बाहर छिपे हुए स्थान से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को अदालत में पेश करने के बाद दो दिन की पुलिस रिमांड पर लिया गया है, जहां उससे पूछताछ की जा रही है।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसे अपनी पत्नी के चरित्र पर शक था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। घटना वाले दिन भी इसी मुद्दे पर कहासुनी हुई थी। आरोपी के अनुसार, झगड़े के दौरान पत्नी ने मायके जाने की बात कही, जिसके बाद उसने गुस्से में आकर हमला कर दिया।पोस्टमॉर्टम करने वाले डॉक्टर ने बताया कि महिला के दोनों हाथ और एक पैर लाठी के वार से टूट गए थे। इसके अलावा कुल्हाड़ी से सिर पर गंभीर चोट पहुंचाई गई, जो उसकी मौत का मुख्य कारण बनी।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और हत्या में इस्तेमाल किए गए हथियारों को जब्त कर लिया गया है। आरोपी से पूछताछ के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।यह घटना घरेलू हिंसा के गंभीर परिणामों की एक और दर्दनाक मिसाल है। विशेषज्ञों का मानना है कि पारिवारिक विवादों का समाधान हिंसा नहीं, बल्कि संवाद और कानूनी तरीके से किया जाना चाहिए।