थाने के सामने युवक की पत्थर से सिर कुचलकर हत्या, वीडियो में जाने बाजार में टायर लेने आया था; मौत के बाद सड़क पर प्रदर्शन
अलवर जिले के बड़ौदामेव कस्बे में गुरुवार को सनसनीखेज हत्या की घटना सामने आई। थाने के सामने एक युवक पर पत्थर से सिर पर हमला कर दिया गया। गंभीर रूप से घायल युवक को स्थानीय लोगों ने अस्पताल पहुंचाया, जहां से उसकी हालत गंभीर होने पर अलवर रेफर किया गया। हालांकि, अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में आक्रोश फैल गया और परिजनों तथा ग्रामीणों ने प्रदर्शन शुरू कर दिया।
मृतक की पहचान बड़ा वास निवासी सेकून खान पुत्र नसरू खान के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सेकून खान बाइक का टायर खरीदने के लिए बड़ौदामेव बाजार आया था। वह अपने गांव के रहने वाले नूर मोहम्मद को बैंक में छोड़ने के बाद बाइक से थाने के सामने से गुजर रहा था। इसी दौरान हर्ष मूर्तिकार नाम का युवक वहां पहुंचा और सेकून खान के सिर पर सड़क पर पड़े पत्थर, जिसे पट्टी का टुकड़ा बताया जा रहा है, से हमला कर दिया।
अचानक हुए हमले से सेकून खान गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर गया। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने उसे तत्काल बड़ौदामेव के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे अलवर रेफर कर दिया। परिजन और लोग उसे लेकर अलवर की ओर रवाना हुए, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
इसके बाद सेकून खान के शव को अलवर जिला अस्पताल लाया गया। घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण अस्पताल पहुंच गए। हत्या की घटना को लेकर लोगों में आक्रोश है। परिजन और ग्रामीण बड़ौदामेव थाने के सामने भी प्रदर्शन कर रहे हैं।प्रदर्शन के दौरान लोगों ने अलवर-भरतपुर मार्ग पर जाम लगा दिया। सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात प्रभावित हो गया। मौके पर पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस लोगों को समझाने का प्रयास कर रही है।
पुलिस ने मामले में आरोपी हर्ष मूर्तिकार को पकड़ लिया है। हत्या के कारणों को लेकर पुलिस जांच कर रही है। घटना के पीछे क्या विवाद था और आरोपी ने युवक पर हमला क्यों किया, इसे लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है।सेकून खान के परिवार में उसकी पत्नी और तीन बच्चे हैं। अचानक हुई इस घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। परिजन आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। वहीं, पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच के साथ-साथ मौके पर मौजूद लोगों से भी जानकारी जुटा रही है।