काली मोरी फाटक पर 7 घंटे में बना रेलवे अंडरपास, वीडियो में जाने 200 से ज्यादा मजदूरों ने रचा तेजी से निर्माण का रिकॉर्ड
राजस्थान के अलवर जिले में काली मोरी फाटक पर एक बड़ा निर्माण कार्य बेहद तेज गति से पूरा किया गया है। यहां 200 से ज्यादा मजदूरों ने लगातार सवा 7 घंटे में रेलवे अंडरपास का मुख्य स्ट्रक्चर तैयार कर दिया।निर्माण कार्य के दौरान मजदूरों ने बिना किसी लंबे ब्रेक के काम किया। तेज गर्मी और मेहनत के बीच स्थिति यह रही कि इस दौरान करीब 80 कैंपर पानी की खपत हुई, जिससे कार्य की तीव्रता का अंदाजा लगाया जा सकता है।
अधिकारियों के अनुसार, यह अंडरपास स्थानीय लोगों के लिए बड़ी राहत लेकर आएगा। इसके बनने से स्कूली बच्चों की बसों को अब लगभग 10 किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी। वहीं आसपास की कॉलोनियों, कार्यालयों और औद्योगिक क्षेत्रों में आने-जाने वाले लोगों की दूरी भी करीब 2 किलोमीटर तक कम हो जाएगी।सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि अब लोगों को रेलवे पटरी पार करने के जोखिम से भी छुटकारा मिलेगा, जिससे दुर्घटनाओं की संभावना काफी हद तक कम हो जाएगी।
रेलवे और निर्माण विभाग के अधिकारियों ने बताया कि अंडरपास का मुख्य ढांचा पूरा हो चुका है, जबकि अब साइड की अप्रोच रोडबनाने का काम बाकी है। यह कार्य अगले लगभग 2 महीनों में पूरा होने की संभावना है।काम पूरा होने के बाद यह अंडरपास आमजन के लिए पूरी तरह खोल दिया जाएगा, जिससे क्षेत्र की कनेक्टिविटी और यातायात व्यवस्था में बड़ा सुधार होगा। स्थानीय लोगों ने इस तेज निर्माण कार्य की सराहना करते हुए कहा कि इससे उनकी दैनिक आवाजाही आसान और सुरक्षित हो जाएगी।