अलवर में निर्माणाधीन प्लॉट से मानव खोपड़ी मिलने से सनसनी, वीडियो में देंखे जांच के लिए विशेषज्ञ टीम गठित
राजस्थान के अलवर जिले में बुधवार को उस समय सनसनी फैल गई जब एक निर्माणाधीन प्लॉट में बेसमेंट की खुदाई के दौरान मजदूरों को इंसानी खोपड़ी मिली। यह घटना स्कीम नंबर-2 क्षेत्र में क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक के पास की बताई जा रही है।जानकारी के अनुसार, जेसीबी मशीन से खुदाई का कार्य चल रहा था, तभी मिट्टी के भीतर से मानव खोपड़ी निकलने पर मजदूरों में हड़कंप मच गया। तुरंत ही काम रोक दिया गया और मामले की सूचना स्थानीय पुलिस को दी गई।
सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और खोपड़ी को सावधानीपूर्वक एक कट्टे में रखवाकर पेटी में सील कर अस्पताल जांच के लिए भेज दिया। पुलिस ने पूरे क्षेत्र को सुरक्षित कर आवश्यक साक्ष्य एकत्र करना शुरू कर दिया है।घटना की गंभीरता को देखते हुए जिला अस्पताल प्रशासन ने विशेषज्ञ डॉक्टरों की चार सदस्यीय टीम गठित की है। इस टीम में रेडियोलॉजिस्ट, मेडिकल ज्यूरिस्ट, एनाटॉमिस्ट और डेंटिस्ट शामिल किए गए हैं, जो खोपड़ी की वैज्ञानिक तरीके से जांच करेंगे।
अधिकारियों के अनुसार, प्राथमिक जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि खोपड़ी कितनी पुरानी है और यह किसी आपराधिक मामले से जुड़ी है या पुरातात्विक महत्व की वस्तु है।फिहाल पुलिस ने आसपास के क्षेत्र में पूछताछ शुरू कर दी है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि जमीन पर पहले कोई पुराना कब्रिस्तान या अन्य ऐतिहासिक संरचना तो मौजूद नहीं थी। इस घटना के बाद इलाके में दहशत और जिज्ञासा दोनों का माहौल बना हुआ है, जबकि प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।