बीजेपी पार्षद पर जानलेवा हमला, वीडियो में देंखे लाठी-सरियों से तोड़ दिए हाथ-पैर; अस्पताल में भर्ती
राजस्थान के अलवर जिले के थानागाजी नगर पालिका क्षेत्र में सोमवार को एक गंभीर हिंसक घटना सामने आई, जहां वार्ड नंबर 1 के बीजेपी पार्षद पर कुछ हमलावरों ने जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में पार्षद गंभीर रूप से घायल हो गए हैं और उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।जानकारी के अनुसार, यह घटना सोमवार दोपहर करीब 12 बजे की है। पार्षद अपने एक साथी के साथ किसी व्यक्ति को जमीन दिखाने के लिए गए थे। इसी दौरान रास्ते में हमलावरों ने पहले उनकी बाइक को कार से टक्कर मारकर गिरा दिया। इसके बाद उन पर लाठी और सरियों से हमला कर दिया गया।
हमलावरों ने बेरहमी से पार्षद की पिटाई की, जिससे उनके हाथ और पैर में गंभीर चोटें आईं और हड्डियां टूटने की बात सामने आई है। अचानक हुए इस हमले से इलाके में अफरा-तफरी मच गई।घटना के दौरान पार्षद के साथी ने जोर-जोर से शोर मचाकर आसपास के लोगों को बुलाया, जिससे भीड़ इकट्ठा होने लगी। लोगों को आता देख हमलावर मौके से फरार हो गए।स्थानीय लोगों की मदद से घायल पार्षद को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
सूत्रों के मुताबिक घायल पार्षद बीजेपी के पूर्व मंत्री हेम सिंह और रोहिताश्व शर्मा के करीबी बताए जाते हैं। हालांकि पुलिस ने अभी इस मामले में किसी भी राजनीतिक एंगल पर आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हमलावरों की तलाश शुरू कर दी है। आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।इस घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है और पुलिस अतिरिक्त सतर्कता बरत रही है। अधिकारियों ने कहा है कि दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाएगी