अलवर में इंसानियत की मिसाल, वीडियो में जाने पुलिस थानेदार ने गरीब मजदूर की बेटियों की शादी अपने आंगन में कराई
राजस्थान के अलवर जिले के राजगढ़ क्षेत्र के पलवा गांव में इंसानियत और सामाजिक सहयोग की एक अनोखी मिसाल देखने को मिली है। यहां एक गरीब मजदूर की दो बेटियों की शादी जयपुर ग्रामीण के जमवारामगढ़ थानेदार भगवान सहाय मीणा ने अपने घर के आंगन में कराकर पूरे इलाके में चर्चा बटोर ली है।मजदूर पिता, जिसने अपनी पत्नी की मृत्यु के बाद जीवन में कई कठिनाइयों का सामना किया, कभी सोच भी नहीं सकता था कि उसकी बेटियों की शादी इतने सम्मान और भव्यता के साथ होगी। आर्थिक तंगी के कारण शादी की जिम्मेदारी उसके लिए बड़ी चुनौती बन गई थी, लेकिन पुलिस अधिकारी की पहल ने इस परिवार के सपनों को साकार कर दिया।
थानेदार भगवान सहाय मीणा ने न केवल शादी की पूरी व्यवस्था करवाई, बल्कि बेटियों के कन्यादान की जिम्मेदारी भी निभाई। विवाह समारोह उनके ही आंगन में संपन्न हुआ, जहां पूरे रीति-रिवाज और परंपरा के साथ फेरे कराए गए।शादी के दौरान माहौल बेहद भावुक और खुशनुमा रहा। दूल्हे जब तोरण पर पहुंचे तो पुलिस अधिकारीऔर महिलाएं मिलकर उनका स्वागत करते नजर आए। इस आयोजन में ग्रामीणों की भी बड़ी भागीदारी रही और पूरा वातावरण उत्सव जैसा बन गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, ऐसा दृश्य आमतौर पर देखने को नहीं मिलता, जहां एक पुलिस अधिकारी सामाजिक जिम्मेदारी निभाते हुए इतने बड़े स्तर पर किसी गरीब परिवार की मदद करे। इस पहल ने न केवल परिवार को सम्मान दिया बल्कि समाज में एक सकारात्मक संदेश भी दिया है।थानेदार भगवान सहाय मीणा की इस पहल की आसपास के गांवों में जमकर सराहना हो रही है। लोग इसे पुलिस और समाज के बीच भरोसे और मानवीय रिश्तों की मजबूत कड़ी के रूप में देख रहे हैं। फिलहाल, यह घटना क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है और लोग इसे मानवता की एक प्रेरणादायक मिसाल के तौर पर याद कर रहे हैं।