अलवर में सीनियर टीचर की आत्महत्या मामला, वीडियो में देंखे प्रताड़ना के आरोप में 7 सरकारी शिक्षकों पर FIR, 4 पेज का सुसाइड नोट मिला
राजस्थान के अलवर जिले में रिटायरमेंट से महज पांच महीने पहले एक सीनियर शिक्षक द्वारा आत्महत्या किए जाने के मामले ने शिक्षा विभाग को झकझोर कर रख दिया है। पुलिस ने मृतक शिक्षक की ओर से लगाए गए प्रताड़ना के आरोपों के आधार पर सात सरकारी शिक्षकों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। घटनास्थल से चार पेज का करीब 2000 शब्दों का सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसमें कई गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
यह मामला अकबरपुर थाना क्षेत्र के निर्भमपुरा गांव का है। रविवार शाम सीनियर टीचर बड्डन लाल बलाई ने अपने घर से करीब 100 मीटर दूर स्थित बाड़े में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों को जब इसकी जानकारी मिली तो हड़कंप मच गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
तलाशी के दौरान पुलिस को मृतक के पास से चार पन्नों का एक सुसाइड नोट मिला, जिसमें उन्होंने अपने साथ हो रही कथित प्रताड़ना का जिक्र किया है। सुसाइड नोट में स्कूल प्रशासन और कुछ शिक्षकों पर मानसिक दबाव बनाने, अपमानित करने और परेशान करने के आरोप लगाए गए हैं। बताया जा रहा है कि नोट में विस्तार से पूरी घटनाक्रम का जिक्र किया गया है।
पुलिस के अनुसार, सुसाइड नोट और परिजनों की शिकायत के आधार पर सात सरकारी शिक्षकों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। इनमें प्रिंसिपल सुनीता बाई, प्रिंसिपल गायत्री देवी, प्रिंसिपल ए.के. मिश्रा के अलावा शिक्षक अनिल कुमार वर्मा, रोशन लाल यादव, प्रितेंद्र सिंह और सीमा गुप्ता के नाम शामिल हैं।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक शिक्षक जल्द ही रिटायर होने वाले थे। ऐसे में इस घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। परिजनों का आरोप है कि लंबे समय से उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था, जिससे वे बेहद तनाव में थे।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि सुसाइड नोट की हैंडराइटिंग और अन्य साक्ष्यों की जांच कराई जा रही है। दोषी पाए जाने पर संबंधित शिक्षकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना से शिक्षा विभाग में भी चिंता का माहौल है। स्थानीय लोगों और शिक्षकों ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है, ताकि सच्चाई सामने आ सके और भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों। फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।