×

Allahbad महिला डॉक्टर से बदसलूकी में तीन हुए गिरफ्तार

 

उत्तरप्रदेश न्यूज़ डेस्क  स्वरूपरानी अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में महिला डॉक्टर और स्वास्थ्यकर्मियों से बदसलूकी, सरकारी काम में बाधा और अमर्यादित आचरण के आरोप में कोतवाली पुलिस ने एक मरीज के तीन तीमारदारों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। उनके खिलाफ महिला डॉक्टर ने कोतवाली में नामजद मुकदमा दर्ज कराया था।


स्वरूपरानी अस्पताल की महिला डॉक्टर ने मरीज के तीमारदार राज राय, जितेंद्र राय और आदर्श राय के खिलाफ मारपीट, सरकारी काम में बाधा और छेड़खानी की धाराओं में 22 नवंबर को मुकदमा दर्ज कराया था। डॉक्टर का आरोप था कि आरोपित मेजा के एक मरीज को पेट दर्द की शिकायत पर भर्ती कराने पहुंचे थे। डॉक्टर ने मरीज की स्थिति के बारे में जांच की। आरोप है कि इस बीच मरीज के साथ पहुंचे तीमारदारों ने महिला डॉक्टर से बदसलूकी शुरू कर दी। उनका हाथ पकड़ लिया और दूसरा वीडियो बनाने लगा। रोकने पर हंगामा शुरू कर दिया। बीच-बचाव में अन्य स्वास्थ्य कर्मचारी भी पहुंच गए लेकिन मरीज के तीमारदारों ने उन लोगों के साथ भी बदसलूकी की। इसकी जानकारी होने पर वहां जमकर हंगामा हुआ। आखिर में डॉक्टरों ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया।
इलाहाबाद न्यूज़ डेस्क