वीडियो में देखें अजमेर में डांस पार्टी करने से टोका तो महिला को कार से टक्कर मार घसीटा, भाई और उसके दोस्त को पीटा
जिले के कोटड़ा क्षेत्र के पसंद नगर में एक महिला के साथ बर्बरता की घटना सामने आई है। घर के बाहर तेज आवाज में डांस पार्टी कर रहे युवकों को टोकने पर आरोपियों ने महिला को कार से टक्कर मार दी और कुछ दूरी तक घसीटते हुए ले गए। इस हमले में महिला के हाथ-पैर में फ्रैक्चर हो गया। घटना के बाद से पीड़ित परिवार में आक्रोश है।
जानकारी के अनुसार, घटना 26 जनवरी की रात करीब 12 बजे की है। उस समय कुछ युवक घर के बाहर डांस और तेज म्यूजिक के साथ पार्टी कर रहे थे। शोर-शराबे को लेकर महिला के भाई और उसके दोस्त ने युवकों को समझाने की कोशिश की। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई, जो जल्द ही मारपीट में बदल गई।
बताया जा रहा है कि आरोपी युवकों ने महिला के भाई और उसके दोस्त के साथ मारपीट शुरू कर दी। झगड़ा बढ़ता देख महिला बीच-बचाव करने के लिए मौके पर पहुंची। आरोप है कि इसी दौरान गुस्साए युवकों ने कार स्टार्ट कर महिला को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद महिला कार के साथ घिसटती चली गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
परिजनों ने घायल महिला को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसके हाथ-पैर में फ्रैक्चर की पुष्टि की। घटना के बाद परिवार ने 27 जनवरी को हरिभाऊ उपाध्याय नगर थाने में मामला दर्ज कराया। शिकायत में आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की गई है।
हालांकि, पीड़ित पक्ष का आरोप है कि अब तक पुलिस की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। इससे नाराज होकर पीड़ित परिवार ने बुधवार को घटना का सीसीटीवी वीडियो जारी किया। वीडियो में कथित रूप से कार से टक्कर मारने और महिला को घसीटने का दृश्य दिखाई दे रहा है।
वीडियो सामने आने के बाद इलाके में रोष फैल गया है और लोगों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग तेज कर दी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह की घटना से क्षेत्र में असुरक्षा का माहौल बन गया है।
पुलिस का कहना है कि मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।