☰
×

अजमेर में रेलवे चोरी के माल की बरामदगी के दौरान हंगामा, वीडियो में जाने आरोपी की पत्नी RPF वाहन के आगे लेटी

 

अजमेर के वैशाली नगर स्थित ईदगाह चौराहे पर शुक्रवार को रेलवे की चोरी की संपत्ति बरामद करने पहुंची RPF टीम के सामने हंगामा हो गया। RPF की टीम पूर्व में रेलवे की संपत्ति चोरी के मामले में गिरफ्तार किए गए आरोपी की निशानदेही पर ईदगाह रोड स्थित एक कबाड़ी की दुकान पर पहुंची थी। यहां चोरी का माल बरामद करने की कार्रवाई के दौरान आरोपी के परिजन और आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए और RPF टीम का विरोध शुरू कर दिया। मामला बढ़ने की सूचना मिलने पर कृष्णगंज थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने लोगों को समझाने का प्रयास किया और काफी देर की समझाइश के बाद स्थिति को शांत कराया गया।

आरोपी की निशानदेही पर कबाड़ी की दुकान पहुंची थी टीम

<a style="border: 0px; overflow: hidden" href=https://youtube.com/embed/cI5HaMWAjF0?autoplay=1&mute=1><img src=https://img.youtube.com/vi/cI5HaMWAjF0/hqdefault.jpg alt=""><span><div class="youtube_play"></div></span></a>" style="border: 0px; overflow: hidden;" width="640">

जानकारी के अनुसार, RPF ने रेलवे की संपत्ति चोरी के मामले में पहले बादल नाम के आरोपी को गिरफ्तार किया था। पूछताछ के दौरान उसकी निशानदेही पर RPF टीम शुक्रवार को ईदगाह रोड स्थित कबाड़ी निजाम की दुकान पर पहुंची।RPF टीम ने निजाम को भी चोरी का माल खरीदने के आरोप में गिरफ्तार किया था। शुक्रवार को दोनों आरोपियों की मौजूदगी में कबाड़ी की दुकान से रेलवे की चोरी की संपत्ति बरामद करने की कार्रवाई की जा रही थी।

कार्रवाई के दौरान मौके पर जुटे लोग

चोरी का माल बरामद किए जाने की कार्रवाई के दौरान निजाम के परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। देखते ही देखते लोगों की भीड़ जमा हो गई और RPF टीम का घेराव कर विरोध शुरू कर दिया गया।लोगों के विरोध के कारण मौके पर कुछ देर के लिए तनाव की स्थिति बन गई। स्थिति को देखते हुए कृष्णगंज थाना पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और लोगों से बातचीत कर मामले को शांत कराने का प्रयास किया।

आरोपी को ले जाने लगी RPF तो फिर बढ़ा विवाद

बरामदगी की कार्रवाई पूरी होने के बाद RPF अधिकारी दोनों आरोपियों निजाम और बादल को अपने वाहन में बैठाकर ले जाने लगे। इसी दौरान निजाम की पत्नी सहित उसके अन्य परिजन वाहन के सामने आ गए और आरोपियों को ले जाने का विरोध करने लगे।परिजनों ने RPF के वाहन को रोकने का प्रयास किया। इस दौरान स्थिति उस समय और ज्यादा नाटकीय हो गई, जब निजाम की पत्नी वाहन के आगे सड़क पर लेट गई।

पुलिस की समझाइश के बाद सामान्य हुई स्थिति

महिला के सड़क पर लेटने के बाद मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने उसे समझाने का प्रयास किया। पुलिस ने परिजनों से बातचीत कर कार्रवाई में सहयोग करने की अपील की।काफी देर तक समझाइश के बाद परिजन शांत हुए और रास्ते से हटे। इसके बाद RPF अधिकारी दोनों आरोपियों को अपने साथ ले गए। स्थिति सामान्य होने के बाद पुलिस और RPF की टीम ने आगे की कार्रवाई जारी रखी।RPF अब बरामद की गई रेलवे संपत्ति और चोरी के पूरे नेटवर्क को लेकर दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है। पुलिस और RPF की जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि रेलवे की संपत्ति चोरी करने और उसे खरीदने के मामले में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।