☰
×

अजमेर में वकीलों का हंगामा: DSP पर वकील को थप्पड़ मारने का आरोप, वीडियो में जाने कोर्ट के बाहर जाम लगाया; कलेक्ट्रेट पर पुलिस से धक्का-मुक्की

 

राजस्थान के अजमेर जिले के किशनगढ़ में ट्रैफिक पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) अंजू यादव पर वकील बाबूलाल को थप्पड़ मारने के आरोप का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। घटना के विरोध में सोमवार को अजमेर जिला बार एसोसिएशन के वकीलों ने कार्य बहिष्कार किया और सड़कों पर उतरकर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान वकीलों ने जयपुर रोड स्थित कोर्ट के बाहर रास्ता जाम कर दिया। बाद में रैली निकालते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे वकीलों की पुलिस से धक्का-मुक्की भी हुई।

कोर्ट के बाहर लगाया जाम, वाहनों की लगी कतारें

<a style="border: 0px; overflow: hidden" href=https://youtube.com/embed/za9KpFOoDe8?autoplay=1&mute=1><img src=https://img.youtube.com/vi/za9KpFOoDe8/hqdefault.jpg alt=""><span><div class="youtube_play"></div></span></a>" style="border: 0px; overflow: hidden;" width="640">

वकीलों ने सबसे पहले जयपुर रोड स्थित कोर्ट के बाहर सड़क के दोनों ओर रास्ता रोक दिया। इससे कुछ ही देर में सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात प्रभावित हुआ। जाम के दौरान एक सिटी बस के ड्राइवर और वकीलों के बीच तीखी नोकझोंक भी देखने को मिली।घटना के विरोध में वकीलों ने संबंधित पुलिस अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई। प्रदर्शन के चलते इलाके में तनावपूर्ण स्थिति बन गई और पुलिस को मौके पर व्यवस्था संभालनी पड़ी।

कलेक्ट्रेट के बाहर बैरिकेडिंग पर बढ़ा विवाद

बार एसोसिएशन के अध्यक्ष योगेंद्र ओझा के नेतृत्व में सैकड़ों वकील रैली के रूप में कोर्ट से कलेक्ट्रेट पहुंचे। यहां पुलिस ने कलेक्ट्रेट के मुख्य द्वार पर बैरिकेडिंग कर प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोकने का प्रयास किया।इस पर वकील नाराज हो गए और बैरिकेड्स हटाने के लिए जोर आजमाइश करने लगे। देखते ही देखते पुलिसकर्मियों और वकीलों के बीच धक्का-मुक्की शुरू हो गई। कुछ वकील कलेक्ट्रेट के गेट पर भी चढ़ गए और नारेबाजी करते हुए अपना विरोध जताया।स्थिति बिगड़ती देख एडिशनल एसपी सिटी हिमांशु जांगिड़ पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने हालात संभालने और व्यवस्था बनाए रखने का प्रयास किया।

एसपी से मिले वकील, डीएसपी पर कार्रवाई की मांग

प्रदर्शन के बाद वकीलों का एक प्रतिनिधिमंडल कलेक्ट्रेट के अंदर पहुंचा और अजमेर एसपी हर्षवर्धन अग्रवाल से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने डीएसपी अंजू यादव के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए ज्ञापन सौंपा।वकीलों का कहना है कि उनके साथी के साथ हुई कथित मारपीट के मामले में उचित कार्रवाई होनी चाहिए। इसी मांग को लेकर बार एसोसिएशन ने कार्य बहिष्कार कर विरोध दर्ज कराया।

कार्रवाई की मांग पर अड़े वकील

किशनगढ़ में वकील बाबूलाल को थप्पड़ मारने के आरोप के बाद शुरू हुआ विवाद अब अजमेर जिला बार एसोसिएशन के प्रदर्शन तक पहुंच गया है। कोर्ट के बाहर जाम और कलेक्ट्रेट पर हुए हंगामे से शहर में यातायात और प्रशासनिक व्यवस्था प्रभावित हुई।फिलहाल वकीलों ने पुलिस अधिकारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। अब मामले में पुलिस और प्रशासन की अगली कार्रवाई पर नजर रहेगी।