×

अजमेर के खेड़ी टोल प्लाजा पर हंगामा, फुटेज में देंखे पथराव-तोड़फोड़ और फायरिंग का आरोप; 6 गिरफ्तार

 

अजमेर जिले में नेशनल हाईवे पर स्थित खेड़ी टोल प्लाजा पर रविवार शाम वाहन सवार लोगों ने जमकर हंगामा किया। टोल शुल्क नहीं देने को लेकर शुरू हुआ विवाद कुछ ही देर में पथराव, तोड़फोड़ और मारपीट में बदल गया। आरोप है कि बिना नंबर की 8-9 गाड़ियों में सवार होकर पहुंचे लोगों ने टोल प्लाजा पर हमला कर दिया। इस दौरान टोल कर्मचारियों के साथ मारपीट करने और उन्हें वाहनों से कुचलने की कोशिश करने का भी आरोप है।

घटना भिनाय थाना क्षेत्र स्थित खेड़ी टोल प्लाजा पर रविवार शाम करीब साढ़े 4 बजे की है। सूचना मिलते ही कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मामले में अब तक 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है और 6 वाहनों को जब्त किया है। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

टोल नहीं देने पर शुरू हुआ विवाद

<a style="border: 0px; overflow: hidden" href=https://youtube.com/embed/7S-SKsBZKvM?autoplay=1&mute=1><img src=https://img.youtube.com/vi/7S-SKsBZKvM/hqdefault.jpg alt=""><span><div class="youtube_play"></div></span></a>" style="border: 0px; overflow: hidden;" width="640">

जानकारी के अनुसार टोल प्लाजा पर एक युवक टोल शुल्क नहीं दे रहा था। इस पर टोल कर्मचारियों ने उसे रोक लिया और पकड़ लिया। कुछ देर बाद कई वाहनों में सवार लोग टोल प्लाजा पर पहुंच गए।

बताया जा रहा है कि 8-9 वाहनों में सवार होकर आए लोगों ने वहां पहुंचते ही टोल कर्मचारियों के साथ विवाद शुरू कर दिया। इसके बाद टोल प्लाजा पर पथराव किया गया और तोड़फोड़ शुरू हो गई। अचानक हुए हमले से टोल कर्मचारी बचने के लिए इधर-उधर भागने लगे।

टोलकर्मी छत पर चढ़कर बचाते रहे जान

आरोप है कि हमलावरों ने टोल कर्मचारियों के साथ मारपीट की और उन्हें वाहनों से कुचलने की कोशिश भी की। स्थिति बिगड़ने के बाद कई टोलकर्मी जान बचाने के लिए बूथ छोड़कर टोल ऑफिस की छत पर चढ़ गए।

टोल प्लाजा पर काफी देर तक हंगामा चलता रहा। इस दौरान आरोपियों ने टोल ऑफिस में भी तोड़फोड़ की। मामले में रिवॉल्वर से फायरिंग किए जाने का भी आरोप लगाया गया है। फायरिंग की सूचना से आसपास के इलाके में भी हड़कंप मच गया।

दुकानदारों के पहुंचने पर भागे आरोपी

टोल प्लाजा पर हंगामे और फायरिंग की सूचना मिलने के बाद आसपास की दुकानों पर मौजूद लोग भी मौके पर पहुंचने लगे। लोगों की भीड़ बढ़ती देखकर वाहन सवार आरोपी वहां से भागने लगे।

घटना की सूचना मिलने पर भिनाय थाना पुलिस के साथ सरवाड़, नसीराबाद, श्रीनगर और सराना थाना क्षेत्रों की पुलिस भी मौके पर पहुंची। अजमेर एसपी हर्षवर्धन अग्रवाला भी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली।

6 आरोपी गिरफ्तार, 6 वाहन जब्त

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अब तक 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से 6 वाहनों को भी जब्त किया गया है। पुलिस अन्य आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।

पुलिस अब टोल प्लाजा पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर घटना में शामिल अन्य लोगों और वाहनों की पहचान करने में जुटी है। साथ ही फायरिंग और तोड़फोड़ से जुड़े आरोपों की भी जांच की जा रही है।