अजमेर के प्राचीन सीताराम मंदिर में दिनदहाड़े चोरी, 100 ग्राम चांदी का छत्र ले गया चोर; CCTV में कैद हुई वारदात
अजमेर जिले के नसीराबाद स्थित फूलागंज क्षेत्र में एक प्राचीन मंदिर में दिनदहाड़े चोरी का मामला सामने आया है। यहां प्राचीन सीताराम मंदिर से एक युवक चांदी का छत्र चोरी कर ले गया। आरोपी ने अपने मुंह पर कपड़ा बांध रखा था, ताकि उसकी पहचान छिपी रहे। चोरी की पूरी वारदात मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। सूचना मिलने के बाद सिटी थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
भक्तों के जाने का किया इंतजार
प्राचीन सीताराम मंदिर के पुजारी निखिल शर्मा के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 10:15 बजे मुंह पर कपड़ा बांधे एक युवक मंदिर पहुंचा था। उस समय मंदिर में श्रद्धालुओं का आना-जाना जारी था।बताया गया कि युवक ने पहले भक्तों के जाने का इंतजार किया। जैसे ही मंदिर परिसर में भीड़ कम हुई और जगह खाली मिली, उसने मौका देखकर चांदी का छत्र चोरी कर लिया। इसके बाद आरोपी वहां से निकल गया।
करीब 100 ग्राम का था चांदी का छत्र
मंदिर से चोरी हुए छत्र का वजन करीब 100 ग्राम बताया जा रहा है। मंदिर में हुई इस घटना के बाद श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में नाराजगी है। धार्मिक स्थल पर दिनदहाड़े चोरी होने से मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।
CCTV फुटेज में कैद हुई चोरी
मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरे में आरोपी की गतिविधियां कैद हो गई हैं। फुटेज में युवक छत्र चोरी करता नजर आ रहा है। पुलिस अब इसी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने और उसे पकड़ने का प्रयास कर रही है।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की जानकारी मिलने के बाद सिटी थाना पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपी के आने-जाने के रास्ते और उसकी पहचान से जुड़े सुराग तलाश रही है।फिलहाल आरोपी की गिरफ्तारी की जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस जांच के बाद ही चोरी से जुड़े अन्य तथ्यों का खुलासा हो सकेगा।