राहुल गांधी ने डोटासरा-जूली की जोड़ी को बताया 'जय-वीरू', वीडियो में बोले- कांग्रेस को मजबूत रखेगी यह साझेदारी
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष Rahul Gandhi ने राजस्थान कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष Govind Singh Dotasra और नेता प्रतिपक्ष Tikaram Jully की जमकर सराहना की। उन्होंने दोनों नेताओं की जोड़ी की तुलना फिल्म शोले के प्रसिद्ध किरदार 'जय-वीरू' से करते हुए कहा कि यह साझेदारी लंबे समय तक चलेगी और कांग्रेस संगठन को मजबूत बनाए रखेगी।
सोमवार को पुष्कर में आयोजित कांग्रेस के 10 दिवसीय राष्ट्रीय चिंतन शिविर के समापन समारोह को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा, "डोटासरा और टीकाराम जूली की जोड़ी जय-वीरू जैसी है। यह लंबी चलेगी और कांग्रेस को मजबूत रखेगी। सभी नेताओं को इनसे सीखना चाहिए।"
दूसरे राज्यों के लिए भी बताया उदाहरण
राहुल गांधी ने कहा कि राजस्थान कांग्रेस में नेतृत्व और संगठन के बीच जिस तरह का तालमेल देखने को मिल रहा है, वह अन्य राज्यों के लिए भी एक मिसाल है। उन्होंने कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से संगठन को और मजबूत बनाने के लिए एकजुट होकर काम करने का आह्वान किया।
पदाधिकारियों को किया संबोधित
राष्ट्रीय चिंतन शिविर के दौरान राहुल गांधी ने एक विशेष सत्र में राजस्थान के 50 जिला कांग्रेस अध्यक्षों, दिल्ली के 15 जिला अध्यक्षों और प्रदेश पदाधिकारियों को संबोधित किया। इस दौरान संगठन विस्तार, कार्यकर्ताओं की भूमिका और आगामी राजनीतिक रणनीतियों पर चर्चा की गई।
संगठन को मजबूत करने पर जोर
अपने संबोधन में राहुल गांधी ने कांग्रेस नेताओं से जनता के बीच सक्रिय रहने और संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने की अपील की। उन्होंने कहा कि पार्टी की ताकत उसके कार्यकर्ता हैं और संगठनात्मक एकता ही कांग्रेस की सबसे बड़ी पूंजी है। पुष्कर में आयोजित यह चिंतन शिविर कांग्रेस के संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने और आगामी चुनावी चुनौतियों की तैयारी के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।