अजमेर में जिम के बाहर दो गुटों में झगड़ा, वीडियो में देखें होटल व्यवसायी समेत चार गिरफ्तार; सीसीटीवी से खुला मामला
अजमेर के गंज थाना क्षेत्र में पुष्कर रोड स्थित एक जिम के बाहर दो गुटों के बीच हुए झगड़े के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए होटल व्यवसायी समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें नामजद किया और गिरफ्तारी की कार्रवाई की।
गिरफ्तार आरोपियों में होटल व्यवसायी दिनेश पमानानी के अलावा अहमद, अनवर और अदनान शामिल हैं। पुलिस फिलहाल सभी आरोपियों से पूछताछ कर रही है और मामले में शामिल अन्य लोगों की तलाश भी जारी है।
यह पूरा मामला 25 अप्रैल की घटना से जुड़ा है, जबकि शिकायत 26 अप्रैल को दर्ज कराई गई थी। हाथीभाटा निवासी शिवशंकर शर्मा ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि वह पुष्कर रोड स्थित डी-फिटनेस जिम में नियमित रूप से जाता है। घटना वाले दिन जिम में उसकी होटल व्यवसायी दिनेश पमानानी से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी।
शिकायत के अनुसार, कहासुनी के बाद मामला बढ़ गया और दिनेश पमानानी ने अपने साथियों को मौके पर बुला लिया। इसके बाद जिम के बाहर मारपीट की गई और आरोप है कि इस दौरान धारदार हथियार से भी हमला किया गया।
घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बन गई थी, जिसके चलते पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज की मदद से पुलिस ने आरोपियों की पहचान की और कार्रवाई को अंजाम दिया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह एक आपसी विवाद से शुरू हुआ मामला था, जो बाद में हिंसक झगड़े में बदल गया। फिलहाल पुलिस अन्य फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है और पूरे घटनाक्रम की गहन जांच की जा रही है।
इस कार्रवाई के बाद स्थानीय स्तर पर कानून-व्यवस्था को लेकर पुलिस ने सख्ती बढ़ा दी है और ऐसे मामलों पर कड़ी नजर रखी जा रही है।