अजमेर में IT अफसर बनकर कारोबारी के घर घुसे 5 बदमाश, फुटेज में देंखे 13 मिनट में करीब 2 करोड़ की ज्वेलरी लेकर फरार
राजस्थान के अजमेर जिले में बदमाशों ने खुद को इनकम टैक्स अधिकारी बताकर कारोबारी के घर से लाखों-करोड़ों के जेवरात लूटने की वारदात को अंजाम दिया। शुक्रवार सुबह स्कॉर्पियो से पहुंचे सात बदमाशों में से पांच घर के अंदर घुसे और जांच के नाम पर परिवार के लोगों को अपने झांसे में ले लिया। आरोपियों ने अलमारी के लॉकर से सोने के जेवर और मोबाइल फोन निकाल लिए। वारदात करीब 13 मिनट में पूरी हुई। चोरी गए सामान की कीमत करीब 2 करोड़ रुपए बताई जा रही है।घटना नसीराबाद सदर थाना क्षेत्र में दिलवाड़ा बाइपास स्थित महेश विहार कॉलोनी की है। शुक्रवार सुबह करीब 11:30 बजे हुई इस वारदात के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। पुलिस ने नाकाबंदी कर कुछ संदिग्धों को पकड़े जाने की जानकारी दी है।
स्कॉर्पियो से पहुंचे सात बदमाश
जानकारी के अनुसार, बदमाश स्कॉर्पियो गाड़ी से कारोबारी के घर पहुंचे थे। गाड़ी खड़ी करने के बाद पांच आरोपी सीधे घर के अंदर चले गए। उन्होंने खुद को इनकम टैक्स विभाग का अधिकारी बताया और जांच करने की बात कहकर घर के कमरों की तलाशी शुरू कर दी।उस समय ट्रांसपोर्ट और मोटर पार्ट्स कारोबारी अनिल माहेश्वरी, उनके भाई और पिता अपने कार्यालय गए हुए थे। घर पर मौजूद कारोबारी के बेटे और परिवार की महिलाओं को आरोपियों ने जांच का हवाला देकर अपने झांसे में लिया। इसी दौरान उन्होंने कमरे में रखी अलमारी के लॉकर से जेवरात निकाल लिए।
लॉकर से सोने के जेवर और तीन मोबाइल ले गए
आरोपियों ने घर के एक कमरे में रखे लॉकर से चार जोड़ी सोने की चूड़ियां, एक जोड़ी पाटले और एक सोने का हार निकाल लिया। इसके अलावा तीन मोबाइल फोन भी ले गए। शुरुआती जानकारी के अनुसार, चोरी किए गए सामान की कीमत करीब 2 करोड़ रुपए बताई जा रही है।वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। परिवार को घटना का पता चलने पर पुलिस को सूचना दी गई।
CCTV फुटेज में घर में जाते दिखे बदमाश
सूचना मिलने के बाद थाना प्रभारी राधेश्याम चौधरी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में बदमाश स्कॉर्पियो से उतरकर कारोबारी के घर में जाते दिखाई दिए।इसके बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश के लिए नाकाबंदी करवाई। मामले में कुछ आरोपियों को पकड़े जाने की जानकारी सामने आई है। पुलिस उनकी भूमिका और वारदात में शामिल अन्य लोगों के बारे में जांच कर रही है।
पुलिस जांच में जुटी
कारोबारी के घर में सरकारी अधिकारी बनकर घुसने और जांच के नाम पर जेवरात ले जाने की इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस आरोपियों की पहचान, वारदात में इस्तेमाल की गई स्कॉर्पियो और चोरी गए सामान की बरामदगी के प्रयास में जुटी है। मामले में आगे की जानकारी पुलिस जांच और आधिकारिक पुष्टि के बाद स्पष्ट होगी।