डकैत जगन गुर्जर के भाई पप्पू गुर्जर को अजमेर हाई सिक्योरिटी जेल से दौसा सेंट्रल जेल भेजा गया, वीडियो में जाने कड़ी सुरक्षा में हुई शिफ्टिंग
डकैत जगन गुर्जर के भाई पप्पू गुर्जर को मंगलवार सुबह अजमेर की हाई सिक्योरिटी जेल से दौसा सेंट्रल जेल शिफ्ट कर दिया गया। यह कार्रवाई कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच सुबह करीब 9 बजे की गई। जगन गुर्जर की हत्या के बाद पप्पू गुर्जर की सुरक्षा को लेकर लगातार चिंता जताई जा रही थी, जिसके चलते परिजन और ग्रामीण लंबे समय से जेल बदलने की मांग कर रहे थे।
जानकारी के अनुसार, सोमवार को जेल मुख्यालय की ओर से पप्पू गुर्जर के तबादले के आदेश जारी किए गए थे। आदेश मिलने के बाद जेल प्रशासन ने शिफ्टिंग की तैयारियां शुरू कर दी थीं। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए जिला पुलिस से अतिरिक्त पुलिस बल की मांग की गई थी।
मंगलवार सुबह अतिरिक्त पुलिस जाप्ता उपलब्ध होने के बाद पप्पू गुर्जर को भारी सुरक्षा घेरे में अजमेर हाई सिक्योरिटी जेल से निकालकर दौसा सेंट्रल जेल के लिए रवाना किया गया। पूरे रास्ते सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना से बचा जा सके।
गौरतलब है कि 29 जून को डकैत जगन गुर्जर की अजमेर हाई सिक्योरिटी जेल के भीतर हत्या कर दी गई थी। इस घटना के बाद जेल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठे थे। वहीं, पप्पू गुर्जर की सुरक्षा को लेकर भी परिजनों ने चिंता जताते हुए उसे दूसरी जेल में स्थानांतरित करने की मांग की थी।
जेल अधीक्षक पारस जांगिड़ ने बताया कि मुख्यालय के निर्देशों के अनुसार सोमवार को ट्रांसफर आदेश प्राप्त हुए थे। इसके बाद सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर मंगलवार सुबह करीब 9 बजे पप्पू गुर्जर को कड़ी सुरक्षा के बीच दौसा सेंट्रल जेल भेज दिया गया। फिलहाल प्रशासन का कहना है कि सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया है। वहीं, जगन गुर्जर हत्याकांड की जांच भी जारी है और मामले से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।