×

कांग्रेस नेता चेतन डूडी का भाजपा सरकार पर हमला, कहा - संविधान की अनदेखी कर रही है सरकार

 

कांग्रेस के प्रदेश महासचिव और अजमेर प्रभारी चेतन डूडी ने मंगलवार को अजमेर स्थित सर्किट हाउस में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में भाजपा सरकार पर तीखे हमले किए। डूडी ने आरोप लगाया कि राजस्थान की मौजूदा सरकार संविधान की मूल भावना की अनदेखी कर रही है और पूरा प्रशासन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के इशारों पर संचालित हो रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था चरमरा चुकी है और आमजन खुद को असुरक्षित और पीड़ित महसूस कर रहा है। चेतन डूडी ने यह भी आरोप लगाया कि राज्य सरकार केवल प्रचार और दिखावे में व्यस्त है, जबकि जमीनी स्तर पर प्रशासनिक विफलता साफ दिखाई दे रही है। डूडी ने कहा, "राज्य में अपराध, महिलाओं के खिलाफ अत्याचार और भ्रष्टाचार चरम पर हैं, लेकिन सरकार की प्राथमिकता जनता नहीं, बल्कि सत्ता की राजनीति है।"

प्रेस कॉन्फ्रेंस में डूडी ने आगामी समय में कांग्रेस द्वारा जनसंवाद और जनआंदोलन तेज करने की भी घोषणा की। उन्होंने कहा कि पार्टी जनता की आवाज को लेकर सड़क से सदन तक संघर्ष करेगी। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि चेतन डूडी का यह बयान आगामी निकाय और पंचायत चुनावों से पहले राजनीतिक माहौल को गर्म कर सकता है।