Weather Alert: राजस्थान में फिर बदलेगा मौसम, 27 से 29 सितंबर तक आंधी-बारिश का अलर्ट
राजस्थान में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार, 26 सितंबर को प्रदेश में कोई चेतावनी नहीं है, लेकिन पूर्वी राजस्थान में 27 से 29 सितंबर के बीच गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ मौसम में बदलाव की संभावना जताई गई है। भारत मौसम विज्ञान विभाग के जयपुर केंद्र ने इन दिनों के लिए थंडरस्टॉर्म और लाइटनिंग की चेतावनी जारी की है।
27 सितंबर से बढ़ेगी बारिश की गतिविधि
IMD के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक, 27 सितंबर से पूर्वी राजस्थान के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। 28 और 29 सितंबर को भी मौसम में अस्थिरता बनी रहने की संभावना है। वहीं पश्चिमी राजस्थान के लिए 26 से 30 सितंबर तक कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है।जयपुर में 27 सितंबर को हल्की बारिश या बूंदाबांदी की संभावना है, जबकि 28 सितंबर को गरज-चमक के साथ बारिश का पूर्वानुमान है। जयपुर के लिए 28 सितंबर को आकाशीय बिजली के साथ आंधी-तूफान की चेतावनी भी दर्ज की गई है।
पश्चिमी राजस्थान में गर्मी का असर
दूसरी ओर पश्चिमी राजस्थान के कई इलाकों में गर्मी का असर बना हुआ है। जोधपुर में 25 सितंबर को अधिकतम तापमान 41.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। 26 सितंबर को भी यहां अधिकतम तापमान करीब 40 डिग्री रहने का अनुमान है और फिलहाल कोई मौसम चेतावनी नहीं है।मौसम विभाग ने गरज-चमक और आकाशीय बिजली के दौरान लोगों को खुले स्थानों पर जाने से बचने की सलाह दी है। किसानों और वाहन चालकों को भी मौसम में अचानक बदलाव के दौरान विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।