☰
×

Weather Alert: 11 अक्टूबर तक कई राज्यों में बारिश-आंधी का अलर्ट, राजस्थान में फिलहाल मौसम शुष्क

 

देश के कई हिस्सों में मानसून के बाद भी बारिश और आंधी का दौर जारी है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने 6 से 11 अक्टूबर के बीच कई राज्यों में बारिश, गरज-चमक, बिजली और तेज हवाओं की संभावना जताई है। खास तौर पर दक्षिण भारत के कुछ राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं उत्तर भारत के कई हिस्सों में भी मौसम करवट ले सकता है।

राजस्थान में फिलहाल बारिश का अलर्ट नहीं

राजस्थान के लोगों के लिए फिलहाल राहत की खबर है। IMD के 6 अक्टूबर के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार पूर्वी और पश्चिमी राजस्थान में 6 से 12 अक्टूबर तक कोई विशेष मौसम चेतावनी जारी नहीं की गई है। यानी प्रदेश में फिलहाल बड़े स्तर पर बारिश या आंधी का अलर्ट नहीं है।हालांकि, मौसम विभाग के अनुसार राजस्थान में 10 से 12 अक्टूबर के बीच पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है। इसके असर से कुछ इलाकों में मौसम में बदलाव और बारिश देखने को मिल सकती है। इसके साथ ही तापमान में गिरावट आने से प्रदेश में धीरे-धीरे ठंड का असर बढ़ने की शुरुआत हो सकती है।

दिल्ली-NCR समेत उत्तर भारत में आंधी-बारिश के आसार

दिल्ली-NCR में 6 अक्टूबर को मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने की संभावना है, लेकिन IMD ने 6 से 9 अक्टूबर तक दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़ और पंजाब के लिए गरज-चमक, बिजली और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की है। 10 अक्टूबर के बाद इन क्षेत्रों के लिए फिलहाल कोई चेतावनी नहीं है।उत्तर प्रदेश में भी 6 से 8 अक्टूबर तक गरज-चमक और तेज हवाओं की स्थिति बन सकती है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 9 अक्टूबर को भी मौसम संबंधी चेतावनी जारी है। ऐसे में लोगों को खुले स्थानों पर सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

हिमाचल, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में मौसम बदलेगा

हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर-लद्दाख के कई हिस्सों में 6 से 10 अक्टूबर तक गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ मौसम खराब रहने की संभावना है। हिमाचल प्रदेश में 10 अक्टूबर तक चेतावनी जारी है। पहाड़ी इलाकों में यात्रा करने वाले लोगों को मौसम की ताजा जानकारी लेकर ही निकलने की सलाह दी गई है।

दक्षिण भारत में भारी बारिश का अलर्ट

IMD ने 6 से 11 अक्टूबर के दौरान दक्षिण भारत के कई हिस्सों में बारिश और गरज-चमक की संभावना जताई है। तमिलनाडु, केरल और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में कुछ स्थानों पर भारी बारिश की चेतावनी है। कई इलाकों में तेज हवाओं और बिजली गिरने की भी आशंका बनी हुई है।मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में देश के कई हिस्सों में मौसम अस्थिर रह सकता है। ऐसे में बारिश और आंधी की संभावना वाले क्षेत्रों में लोगों को सावधानी बरतने और स्थानीय मौसम अलर्ट पर नजर रखने की सलाह दी गई है।