×

दिल्ली लक्ष्मी योजना की पहली किस्त आज खाते में आएगी, लेकिन खर्च कैसे करेंगे, जानें पूरा प्रोसेस

 

दिल्ली की महिलाओं के लिए बड़ी खबर है। दिल्ली लक्ष्मी योजना के तहत पात्र महिलाओं को आज यानी 1 सितंबर 2026 से हर महीने 2,500 रुपये की आर्थिक सहायता मिलनी शुरू हो रही है। पिछले सप्ताह 26 अगस्त को पात्र लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र दिए गए थे। अब योजना के तहत पहली किस्त ट्रांसफर की जा रही है।हालांकि, सरकार की इस योजना में मिलने वाले पूरे 2,500 रुपये को लाभार्थी अपनी मर्जी से तुरंत खर्च नहीं कर सकेंगी। सहायता राशि को दो हिस्सों में बांटा गया है। 1,000 रुपये डिजिटल करेंसी यानी CBDC वॉलेट में मिलेंगे, जबकि 1,500 रुपये FD या RD में जमा किए जाएंगे। यह व्यवस्था महिलाओं को तत्काल आर्थिक सहायता देने के साथ भविष्य के लिए बचत को बढ़ावा देने के उद्देश्य से की गई है।

1000 रुपये कैसे खर्च कर सकेंगी महिलाएं

योजना के तहत खर्च के लिए मिलने वाली 1,000 रुपये की राशि बैंक खाते में सामान्य कैश के रूप में नहीं आएगी। यह रकम CBDC यानी डिजिटल रुपया वॉलेट में उपलब्ध होगी। इसका इस्तेमाल उन दुकानों और सेवाओं पर डिजिटल भुगतान के लिए किया जा सकेगा, जहां डिजिटल रुपया स्वीकार किया जाता है।इसके लिए लाभार्थी को अपने बैंक से जुड़ा e-Rupee Wallet मोबाइल में डाउनलोड करना होगा। उदाहरण के लिए यदि बैंक खाता HDFC Bank में है तो उसके डिजिटल रुपया वॉलेट का इस्तेमाल किया जा सकता है। रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर से लॉगिन करने के बाद जरूरी जानकारी और e-KYC पूरी करनी होगी। इसके बाद योजना की 1,000 रुपये की राशि वॉलेट में दिखाई देगी और उसका इस्तेमाल डिजिटल भुगतान के लिए किया जा सकेगा।

1500 रुपये का क्या होगा

हर महीने मिलने वाले 2,500 रुपये में से बाकी 1,500 रुपये FD या RD में जमा होंगे। यह रकम तत्काल निकालकर खर्च करने के लिए उपलब्ध नहीं होगी। मौजूदा प्रावधान के अनुसार यह बचत भविष्य में एकमुश्त रकम के रूप में मिलेगी। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक इस राशि पर करीब तीन साल का लॉक-इन रखा गया है।यानी सामान्य तौर पर लाभार्थी को हर महीने खर्च करने के लिए 1,000 रुपये मिलेंगे, जबकि 1,500 रुपये भविष्य की बचत के तौर पर जमा होते रहेंगे। लाभार्थी चाहें तो पूरी 2,500 रुपये की राशि को भी RD या FD में जमा करने का विकल्प चुन सकती हैं।

किन चीजों पर नहीं कर सकेंगी खर्च

CBDC वॉलेट में मिलने वाली राशि पर कुछ प्रतिबंध भी लगाए गए हैं। इस पैसे का इस्तेमाल शराब, तंबाकू, नशीले या साइकोट्रोपिक पदार्थ, लॉटरी, जुआ और सट्टेबाजी जैसी चीजों के भुगतान के लिए नहीं किया जा सकेगा। सरकार का उद्देश्य सहायता राशि को महिलाओं और परिवार की जरूरी जरूरतों में इस्तेमाल कराना है।

कैसे चेक करें आवेदन का स्टेटस

लाभार्थी अपना आवेदन स्टेटस दिल्ली लक्ष्मी योजना के आधिकारिक पोर्टल पर मोबाइल नंबर के जरिए ट्रैक कर सकती हैं। आधिकारिक पोर्टल पर आवेदन की स्थिति देखने के साथ योजना से जुड़ी पात्रता और बैंक खाते की जानकारी भी उपलब्ध है।योजना के लिए महिला की उम्र आवेदन के समय 21 से 60 वर्ष के बीच होनी चाहिए और वह परिवार की सबसे बड़ी महिला सदस्य होनी चाहिए। आधिकारिक पोर्टल के अनुसार लाभ लेने के लिए सक्रिय बैंक खाता भी जरूरी है और यह खाता CBDC इकोसिस्टम से जुड़े बैंकों में होना चाहिए।इस तरह दिल्ली लक्ष्मी योजना में हर महीने मिलने वाली 2,500 रुपये की राशि का एक हिस्सा महिलाओं की तत्काल जरूरतों में मदद करेगा, जबकि दूसरा हिस्सा उनके भविष्य की बचत के तौर पर सुरक्षित रहेगा।