सरकारी कर्मचारियों की बल्ले-बल्ले: 6 फीसदी से ज्यादा बढ़ा डीए, किश्तों में खाते में आएगा एरियर का पैसा
देशभर के केंद्रीय कर्मचारी जहां 8वें वेतन आयोग और जुलाई 2026 से लागू होने वाले महंगाई भत्ते (DA Hike) के ऐलान का इंतजार कर रहे हैं, वहीं तेलंगाना के सरकारी कर्मचारियों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। राज्य सरकार ने कर्मचारियों के महंगाई भत्ते की दो लंबित किस्तों को मंजूरी दे दी है।सरकार के फैसले के मुताबिक, DA की पहली किस्त जनवरी 2024 और दूसरी किस्त जुलाई 2024 से प्रभावी मानी जाएगी। इसका मतलब है कि कर्मचारियों को बढ़े हुए DA का लाभ तो मिलेगा ही, साथ ही लंबे समय से बकाया एरियर भी दिया जाएगा। दशहरे से पहले सरकार के इस फैसले को कर्मचारियों के लिए बड़ी राहत माना जा रहा है।
कितना बढ़ा DA?
जनवरी 2024 से महंगाई भत्ते में 3.64 फीसदी की बढ़ोतरी की गई है। इसके बाद जुलाई 2024 से DA में 2.73 फीसदी की अतिरिक्त वृद्धि हुई। इस तरह दोनों किस्तों को मिलाकर DA में 6 फीसदी से ज्यादा की बढ़ोतरी हुई है।2020 पे स्केल वाले कर्मचारियों का DA जनवरी 2024 में 33.67 फीसदी से बढ़ाकर 37.31 फीसदी किया गया। जुलाई 2024 से इसे बढ़ाकर 40.04 फीसदी कर दिया गया।वहीं 2015 पे स्केल वाले कर्मचारियों का DA 73.34 फीसदी से बढ़ाकर जनवरी 2024 में 78.06 फीसदी और जुलाई 2024 में 81.72 फीसदी किया गया है।
अक्टूबर की सैलरी में मिलेगा बढ़ा हुआ DA
बढ़े हुए DA का लाभ कर्मचारियों को अक्टूबर 2026 की सैलरी में मिलेगा। यह सैलरी 1 नवंबर को कर्मचारियों के बैंक खातों में आने की उम्मीद है।
33 और 27 किस्तों में मिलेगा एरियर
DA बढ़ोतरी के साथ कर्मचारियों को लंबे समय से लंबित एरियर का भी फायदा मिलेगा।जनवरी 2024 से सितंबर 2026 तक का DA एरियर 33 किस्तों में दिया जाएगा। वहीं जुलाई 2024 से सितंबर 2026 तक का बकाया 27 किस्तों में मिलेगा।सरकार के मुताबिक, एरियर की रकम कर्मचारियों के जनरल प्रोविडेंट फंड (GPF) खातों में जमा की जाएगी।
सरकार पर पड़ेगा 3,057 करोड़ रुपये का अतिरिक्त बोझ
DA की दोनों किस्तों को मंजूरी देने से तेलंगाना सरकार पर भी बड़ा वित्तीय बोझ आएगा। इसके लिए राज्य सरकार को हर साल करीब 3,057 करोड़ रुपये अतिरिक्त खर्च करने होंगे।इसमें जनवरी 2024 की DA किस्त के लिए करीब 1,747 करोड़ रुपये और जुलाई 2024 की किस्त के लिए करीब 1,310 करोड़ रुपये का अतिरिक्त खर्च शामिल है।
इन कर्मचारियों को भी मिलेगा फायदा
DA बढ़ोतरी का लाभ केवल सामान्य सरकारी कर्मचारियों तक सीमित नहीं रहेगा। UGC और AICTE पे स्केल वाले कर्मचारियों को भी इसका फायदा मिलेगा।इसके अलावा जिला और मंडल परिषद के कर्मचारी, नगर निकायों में नियमित पे स्केल पर काम करने वाले कर्मचारी और फुल-टाइम कंटिजेंट कर्मचारी समेत कई अन्य श्रेणियों के कर्मचारियों को भी बढ़े हुए DA का लाभ मिलेगा।कुल मिलाकर, लंबे समय से DA की लंबित किस्तों और एरियर का इंतजार कर रहे तेलंगाना के सरकारी कर्मचारियों के लिए यह फैसला बड़ी राहत लेकर आया है। उन्हें बढ़ी हुई सैलरी के साथ पुराने DA का बकाया भी मिलेगा।