Solar Panel: सालों बाद क्यों कम होने लगती है बिजली? जानें Degradation की वजह और पैनल की उम्र
घर या किसी दूसरी जगह Solar Panel लगवाने के बाद कई वर्षों तक इससे बिजली मिलती रहती है. हालांकि समय के साथ पैनल का Power Output धीरे-धीरे कम हो सकता है. इसका मतलब यह नहीं है कि Solar Panel खराब हो गया है. लंबे समय तक धूप, गर्मी, नमी और बदलते मौसम के संपर्क में रहने की वजह से इसकी बिजली बनाने की क्षमता में धीरे-धीरे कमी आती है. इसे Solar Panel Degradation कहा जाता है.
आमतौर पर Solar Panels की Efficiency में हर साल करीब 0.3 से 1 प्रतिशत तक की गिरावट देखने को मिल सकती है. इंडस्ट्री में औसत वार्षिक Degradation करीब 0.5 प्रतिशत माना जाता है. ऐसे में सवाल है कि आखिर पुराने पैनल पहले की तुलना में कम बिजली क्यों बनाने लगते हैं?
लगातार धूप और गर्मी का असर
Solar Panels दिनभर सूर्य की रोशनी और UV Rays के संपर्क में रहते हैं. इसके साथ ही उन्हें लगातार तापमान में बदलाव का सामना करना पड़ता है.
दिन में पैनल गर्म होने और रात में ठंडा होने से उसके अलग-अलग हिस्सों में बार-बार Expansion और Contraction होता है. लंबे समय में इससे Solar Cells में Micro-Cracks आने या अंदर के Electrical Connections कमजोर होने का खतरा बढ़ सकता है. इसका असर बिजली के प्रवाह और कुल उत्पादन पर पड़ता है.
P-Type Panels में शुरुआती गिरावट
कुछ पुराने P-Type Solar Panels में Light-Induced Degradation यानी LID की समस्या देखी जा सकती है. तेज धूप के शुरुआती संपर्क के बाद Silicon Cells में होने वाली प्रक्रिया के कारण Efficiency में शुरुआती तौर पर करीब 1 से 3 प्रतिशत तक की कमी हो सकती है.
यह गिरावट आमतौर पर शुरुआती अवधि में होती है और उसके बाद पैनल का प्रदर्शन अपेक्षाकृत स्थिर हो सकता है. वहीं, आधुनिक N-Type Solar Panels में इस तरह की समस्या काफी कम हो गई है.
PID भी बन सकता है वजह
Solar Panel की Performance को प्रभावित करने वाली एक और प्रक्रिया Potential-Induced Degradation यानी PID है. हाई वोल्टेज, ज्यादा तापमान और नमी जैसी परिस्थितियों में इसका असर देखने को मिल सकता है.
इसके अलावा बारिश, नमी, UV Radiation और लंबे समय तक गर्म मौसम के संपर्क में रहने से पैनल के अलग-अलग हिस्सों पर धीरे-धीरे असर पड़ सकता है.
धूल और गंदगी से भी घटता है Output
Solar Panel की सतह पर धूल, पत्तियां, प्रदूषण या पक्षियों की गंदगी जमा होने पर सूर्य की रोशनी सीधे Solar Cells तक नहीं पहुंच पाती. इसका सीधा असर बिजली उत्पादन पर पड़ सकता है.
खासकर ज्यादा धूल वाले इलाकों में अगर पैनल की नियमित सफाई नहीं की जाए, तो Power Generation में 10 से 20 प्रतिशत तक की कमी होने की संभावना बताई जाती है.
कितने साल चलते हैं Solar Panels?
अच्छी क्वालिटी के Solar Panels की सामान्य उपयोगी उम्र करीब 25 से 30 साल मानी जाती है. 25 साल पूरे होने का मतलब यह नहीं है कि पैनल अचानक काम करना बंद कर देगा.
इस अवधि के बाद भी पैनल बिजली बनाता रह सकता है, लेकिन उसका Power Output शुरुआती वर्षों की तुलना में कम हो सकता है. सही Installation, नियमित Cleaning और समय-समय पर System की जांच कराने से पैनल के प्रदर्शन को लंबे समय तक बेहतर बनाए रखने में मदद मिल सकती है.