बिना फ्लैट मिले होम लोन चुकाने को मजबूर खरीदारों को राहत, सुप्रीम कोर्ट ने बैंकों को दिया 7 दिन का अल्टीमेटम
बिल्डरों की धोखाधड़ी और बैंकों की वसूली से परेशान घर खरीदारों के मामले में सुप्रीम कोर्ट ने सख्त रुख अपनाया है। होम लोन की सबवेंशन स्कीम से जुड़े मामलों में अदालत ने HDFC बैंक और ICICI बैंक समेत चार प्रमुख वित्तीय संस्थानों को अपने आरोपित अधिकारियों के खिलाफ मुकदमा चलाने की मंजूरी एक सप्ताह के भीतर देने का निर्देश दिया है। कोर्ट ने चेतावनी दी है कि आदेश का पालन नहीं करने पर संबंधित बैंकों के चेयरमैन और प्रबंध निदेशकों (CMD) को अदालत में पेश होना पड़ेगा।
मुख्य न्यायाधीश सूर्य कांत और न्यायमूर्ति जॉयमाल्य बागची तथा वी. मोहना की पीठ ने यह आदेश दिया। अदालत ने स्पष्ट किया कि अभियोजन की मंजूरी बिना किसी शर्त के दी जानी चाहिए। इसमें देरी होने पर बैंक के शीर्ष अधिकारियों को जवाब देना होगा कि उनके खिलाफ उचित कार्रवाई क्यों न की जाए।
क्या है होम लोन सबवेंशन स्कीम?
यह मामला होम लोन की उस योजना से जुड़ा है, जिसे बिल्डर अक्सर 'नो EMI टिल पजेशन' यानी घर का कब्जा मिलने तक EMI नहीं देने के नाम पर बेचते थे। इस व्यवस्था में घर खरीदार, बिल्डर और बैंक के बीच त्रिपक्षीय समझौता होता था।
समझौते के अनुसार, बैंक को निर्माण की प्रगति के हिसाब से बिल्डर को लोन की रकम जारी करनी थी। वहीं, घर का कब्जा मिलने तक EMI चुकाने की जिम्मेदारी बिल्डर की होती थी।
आरोप है कि कुछ मामलों में बैंक अधिकारियों ने बिल्डरों के साथ मिलीभगत कर निर्माण की स्थिति की जांच किए बिना ही लोन की बड़ी रकम या पूरी राशि बिल्डरों को दे दी। इसके बाद कई बिल्डरों ने प्रोजेक्ट अधूरे छोड़ दिए और बैंक की किस्तें चुकाना बंद कर दिया।
घर नहीं मिला, लेकिन खरीदारों पर पड़ा कर्ज का बोझ
प्रोजेक्ट अधूरे रहने के बाद बैंकों ने बिल्डरों से रकम वसूलने के बजाय घर खरीदारों से EMI चुकाने का दबाव बनाना शुरू कर दिया। इससे ऐसे लोगों की मुश्किलें बढ़ गईं, जिन्होंने फ्लैट के लिए लोन लिया था, लेकिन उन्हें न तो घर मिला और न ही बिल्डर की ओर से किस्तों का भुगतान जारी रहा।
कई खरीदारों को कर्ज चुकाने के साथ खराब क्रेडिट स्कोर जैसी परेशानियों का भी सामना करना पड़ा। दिल्ली-एनसीआर, मुंबई और बेंगलुरु समेत कई शहरों के प्रभावित खरीदारों ने इस मामले में सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया।
CBI ने दर्ज किए 55 मामले
मामले की गंभीरता को देखते हुए सुप्रीम कोर्ट ने बिल्डरों और बैंक अधिकारियों के बीच कथित मिलीभगत की जांच CBI को सौंपी थी। जांच के दौरान आरोप सामने आए कि कुछ बैंक अधिकारियों ने जरूरी प्रक्रियाओं और साइट वेरिफिकेशन की अनदेखी करते हुए बिल्डरों को बड़ी रकम जारी की।
दी गई जानकारी के मुताबिक, CBI ने इस मामले में देशभर में 55 केस दर्ज किए। इनमें से 25 मामलों की जांच पूरी की गई और 22 मामलों में चार्जशीट दाखिल की गई।
इससे पहले भी सुप्रीम कोर्ट ने अधूरे प्रोजेक्ट में फंसे खरीदारों को राहत देते हुए बैंकों को उनके खिलाफ जबरन EMI वसूली और दंडात्मक कार्रवाई से बचने का निर्देश दिया था।
अब बैंकों को सात दिन में देनी होगी मंजूरी
CBI की ओर से जांच और चार्जशीट से जुड़ी जानकारी अदालत के सामने रखे जाने के बाद सुप्रीम कोर्ट ने अभियोजन की मंजूरी को लेकर सख्ती दिखाई। कोर्ट ने चारों वित्तीय संस्थानों को सात दिन के भीतर आरोपित अधिकारियों के खिलाफ मुकदमा चलाने की बिना शर्त मंजूरी देने का आदेश दिया है।
अदालत ने साफ किया कि निर्देश का पालन नहीं होने पर संबंधित बैंकों के CMD और चेयरमैन को व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होकर जवाब देना होगा।
इस आदेश को उन घर खरीदारों के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जो सालों से अधूरे फ्लैट और होम लोन की देनदारी के बीच फंसे हुए हैं। हालांकि, इस आदेश का अंतिम असर संबंधित मामलों में जांच, अभियोजन और आगे की न्यायिक प्रक्रिया पर निर्भर करेगा।