×

PM Jan Dhan Yojana: 0 बैलेंस पर खुलवाया खाता तो मिल सकती है ₹10,000 तक ओवरड्राफ्ट सुविधा, 59 करोड़ के पार पहुंची संख्या

 

प्रधानमंत्री जन धन योजना (PMJDY) ने 12 साल पूरे कर लिए हैं। केंद्र सरकार की इस योजना के तहत देशभर में खोले गए बैंक खातों की संख्या 59 करोड़ के पार पहुंच गई है। खास बात यह है कि इस योजना के तहत लोग बिना किसी न्यूनतम बैलेंस के बैंक खाता खुलवा सकते हैं और कई तरह की सुविधाओं का लाभ उठा सकते हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 28 अगस्त 2014 को प्रधानमंत्री जन धन योजना की शुरुआत की थी। इसका उद्देश्य उन लोगों को बैंकिंग व्यवस्था से जोड़ना था, जो अब तक बैंक सुविधाओं से दूर थे। आज यह योजना देश की सबसे बड़ी वित्तीय समावेशन योजनाओं में शामिल है।

59 करोड़ से ज्यादा खुले जन धन खाते

वित्त मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, 19 अगस्त 2026 तक प्रधानमंत्री जन धन योजना के तहत 59.09 करोड़ से ज्यादा बैंक खाते खोले जा चुके हैं। इन खातों में कुल जमा राशि 3.17 लाख करोड़ रुपये से अधिक पहुंच गई है। प्रति खाते औसत जमा राशि करीब 5,356 रुपये दर्ज की गई है।

योजना के तहत खोले गए करीब 78 फीसदी खाते ग्रामीण और अर्ध-शहरी क्षेत्रों में हैं। वहीं करीब 56 फीसदी खाते महिलाओं के नाम पर खोले गए हैं। इससे महिलाओं और आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों की बैंकिंग सेवाओं तक पहुंच बढ़ी है।

जीरो बैलेंस पर खुलता है खाता

प्रधानमंत्री जन धन योजना की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसमें खाता खुलवाने के लिए न्यूनतम बैलेंस रखने की जरूरत नहीं होती। खाताधारकों को बचत खाते के साथ रुपे डेबिट कार्ड, बीमा सुविधा और सरकारी योजनाओं का सीधा लाभ लेने की सुविधा मिलती है।

मिल सकती है ₹10,000 तक ओवरड्राफ्ट सुविधा

अगर आपका जन धन खाता नियमित रूप से इस्तेमाल हो रहा है और आप पात्रता पूरी करते हैं तो बैंक की ओर से ₹10,000 तक की ओवरड्राफ्ट सुविधा मिल सकती है। इसका मतलब है कि खाते में बैलेंस नहीं होने पर भी जरूरत के समय सीमित राशि निकाली जा सकती है।इसके अलावा पात्र खाताधारकों को रुपे कार्ड के जरिए दुर्घटना बीमा कवर जैसी सुविधाएं भी मिलती हैं। अब तक करोड़ों जन धन खाताधारकों को रुपे कार्ड जारी किए जा चुके हैं।

सरकारी योजनाओं का मिलता है सीधा लाभ

जन धन खातों के माध्यम से सरकार की कई योजनाओं का पैसा सीधे लाभार्थियों  बैंक खाते में पहुंचता है। इसमें सब्सिडी, पेंशन, बीमा और अन्य सरकारी सहायता राशि शामिल है। इससे बिचौलियों की भूमिका कम हुई है और लोगों तक आर्थिक सहायता सीधे पहुंच रही है।अगर आपने अभी तक प्रधानमंत्री जन धन खाता नहीं खुलवाया है तो आप नजदीकी बैंक शाखा या बैंक मित्र के माध्यम से इसे खुलवा सकते हैं। खाता खुलवाने के लिए आधार कार्ड सहित जरूरी पहचान दस्तावेजों की आवश्यकता होती है।