×

पाकिस्तान में पेट्रोल-डीजल के दाम घटे: पेट्रोल 58 पैसे और हाई स्पीड डीजल 17 पैसे हुआ सस्ता, जानें नई रेट लिस्ट

 

पाकिस्तान सरकार ने आम लोगों को राहत देते हुए पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कटौती का ऐलान किया है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव के बीच पाकिस्तान में ईंधन के दाम कम किए गए हैं। नई कीमतें 29 अगस्त से लागू हो गई हैं। पेट्रोलियम डिवीजन की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार, पाकिस्तान में पेट्रोल की कीमत में 0.58 रुपये प्रति लीटर की कमी की गई है। वहीं हाई स्पीड डीजल (HSD) के दाम में 0.17 रुपये प्रति लीटर की कटौती की गई है।

नई कीमतें कितनी हुईं?

कीमतों में कटौती के बाद पाकिस्तान में पेट्रोल अब 342.02 रुपये प्रति लीटर मिलेगा। वहीं हाई स्पीड डीजल की नई कीमत 371.44 रुपये प्रति लीटर तय की गई है। सरकार ने पेट्रोल और डीजल पर लगने वाले टैक्स और ड्यूटी में कोई बदलाव नहीं किया है।सरकार पेट्रोल पर करीब 114 रुपये प्रति लीटर और डीजल पर 100 रुपये प्रति लीटर तक टैक्स और शुल्क वसूल रही है। इसके बावजूद अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में बदलाव के आधार पर ईंधन की कीमतों में संशोधन किया जा रहा है।

पहले रिकॉर्ड स्तर तक पहुंच गए थे दाम

पाकिस्तान में पिछले कुछ महीनों में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में काफी उतार-चढ़ाव देखने को मिला है। अंतरराष्ट्रीय तनाव और तेल आपूर्ति पर असर के कारण ईंधन के दाम तेजी से बढ़े थे। हाई स्पीड डीजल की कीमत अप्रैल में रिकॉर्ड स्तर के करीब पहुंच गई थी। इसके बाद सरकार ने धीरे-धीरे कीमतों में कटौती शुरू की।

भारत में पेट्रोल-डीजल के दाम स्थिर

वहीं भारत में 29 अगस्त को पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। देश में तेल कंपनियां रोजाना कीमतों की समीक्षा करती हैं, लेकिन लंबे समय से पेट्रोल-डीजल के दाम स्थिर बने हुए हैं।राजधानी दिल्ली में पेट्रोल की कीमत 102.12 रुपये प्रति लीटर और डीजल की कीमत 95.20 रुपये प्रति लीटर बताई गई है।ईंधन की कीमतों में मामूली कटौती के बावजूद पाकिस्तान में आम जनता को महंगाई से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद कम है, क्योंकि परिवहनऔर रोजमर्रा की वस्तुओं की कीमतों पर तेल के दामों का सीधा असर पड़ता है।