निर्मला सीतारमण बोलीं- गरीबी सिर्फ कम आमदनी नहीं, बीमारी एक झटके में खत्म कर सकती है परिवार की बचत
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने गरीबी को लेकर कहा है कि इसे केवल मजदूरी या आमदनी के आधार पर नहीं मापा जा सकता। किसी परिवार के पास कमाई का साधन होने के बावजूद अगर सुरक्षित घर, साफ पानी, स्वच्छता और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं नहीं हैं, तो वह आर्थिक और सामाजिक रूप से कमजोर बना रहता है। उन्होंने कहा कि एक गंभीर बीमारी परिवार की वर्षों की बचत खत्म कर सकती है और उसे दोबारा गरीबी की स्थिति में पहुंचा सकती है।
सीतारमण ने सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म लिंक्डइन पर एक पोस्ट के जरिए ये बातें कहीं। उन्होंने वर्ल्ड बैंक की भारत से जुड़ी गरीबी और समानता रिपोर्ट का हवाला देते हुए बताया कि 2011 से 2023 के बीच करीब 50 करोड़ भारतीय गरीबी से बाहर आए हैं। रिपोर्ट के अनुसार, इस अवधि में अत्यधिक गरीबी में भी बड़ी गिरावट दर्ज की गई।
निर्मला सीतारमण ने गरीबी की नई परिभाषा समझाई
वित्त मंत्री ने अपनी पोस्ट में कहा कि गरीबी का मतलब केवल कम आमदनी या मजदूरी का अभाव नहीं है। अगर किसी परिवार को रहने के लिए सुरक्षित घर, पीने के लिए साफ पानी, शौचालय और इलाज की सुविधा नहीं मिलती, तो उसकी स्थिति कमजोर बनी रहती है।
उन्होंने बताया कि आमदनी बढ़ने के बाद भी परिवार पूरी तरह आर्थिक संकट से बाहर नहीं निकल पाते। बीमारी, इलाज का खर्च या कोई दूसरी अचानक आई परेशानी उनकी बचत खत्म कर सकती है। ऐसे में परिवार फिर से गरीबी के चक्र में फंस सकता है।
आजादी के बाद लंबे समय तक गरीबी बड़ी चुनौती रही
सीतारमण के मुताबिक, आजादी के बाद छह दशकों से अधिक समय तक बड़े पैमाने पर गरीबी को खत्म करना देश के सामने एक बड़ी चुनौती बना रहा। 2010 के शुरुआती वर्षों में भी भारत को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गरीबी, स्वच्छता, पोषण और बुनियादी सुविधाओं की कमी से जूझते देश के रूप में देखा जाता था।
उस समय देश में स्वच्छता, पोषण, स्वच्छ ईंधन और बैंकिंग सुविधाओं तक पहुंच को लेकर कई चुनौतियां थीं। वित्त मंत्री ने कहा कि केवल लोगों को पैसे देने से उनकी सभी समस्याएं दूर नहीं हो सकतीं। इसके लिए उन बुनियादी कमियों को दूर करना जरूरी है, जिनका सामना गरीब परिवार रोजाना करते हैं।
सरकार ने बुनियादी सुविधाओं और कल्याणकारी योजनाओं पर दिया जोर
वित्त मंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार ने गरीबी कम करने के लिए अलग-अलग जरूरतों को ध्यान में रखते हुए योजनाएं लागू कीं। इनका उद्देश्य जरूरतमंद परिवारों तक सुविधाएं पहुंचाना और योजनाओं के वास्तविक नतीजों को सुनिश्चित करना रहा।
उन्होंने कहा कि गरीबी कम करने के लिए कोई जादू की छड़ी नहीं होती। इसके लिए सही लाभार्थियों की पहचान, योजनाओं की निगरानी और आखिरी व्यक्ति तक सरकारी सहायता पहुंचाना जरूरी है।
10 दिनों में पीएम मोदी ने तीन बार किया गरीबी का जिक्र
पिछले 10 दिनों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी कई कार्यक्रमों में गरीबी कम होने और वर्ल्ड बैंक की रिपोर्ट का उल्लेख कर चुके हैं।
-
22 नवंबर: गुजरात में बीजेपी कार्यकर्ताओं के कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि आजादी की लड़ाई में बलिदान देने वाले लोग वर्ल्ड बैंक की रिपोर्ट देखकर खुश होते कि देश में गरीबी कम हो रही है। उन्होंने यह भी कहा कि कुछ लोग इस उपलब्धि को मौजूदा सरकार के कार्यकाल से जोड़कर स्वीकार करने में हिचकिचाते हैं।
-
19 नवंबर: दिल्ली में FICCI के शताब्दी समारोह में प्रधानमंत्री ने कहा कि पिछले 12-13 वर्षों में करीब 50 करोड़ भारतीय गरीबी से बाहर आए हैं। उन्होंने युवाओं, किसानों, मजदूरों और उद्योग जगत के योगदान का भी उल्लेख किया।
-
13 नवंबर: कर्नाटक में विकास परियोजनाओं के उद्घाटन के दौरान पीएम मोदी ने कहा कि देश के करीब 50 करोड़ नागरिक भीषण गरीबी से बाहर आए हैं। उन्होंने विकास, रोजगार और उद्योगों के लिए बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर और कनेक्टिविटी को महत्वपूर्ण बताया।
वर्ल्ड बैंक की रिपोर्ट के आंकड़ों और सरकार के दावों के बीच गरीबी को मापने का तरीका भी अहम है। गरीबी का आकलन केवल आय से नहीं, बल्कि स्वास्थ्य, शिक्षा, आवास और बुनियादी सुविधाओं तक पहुंच जैसे पहलुओं से भी किया जाता है।