SBI, PNB समेत कई बैंक लगातार 3 दिन बंद: 5-डे वर्किंग की मांग को लेकर हड़ताल, वीडियो में जाने डिजिटल सेवाएं रहेंगी चालू
देशभर के बैंक ग्राहकों के लिए जरूरी खबर है। SBI, PNB, यूनियन बैंक समेत कई सरकारी और कुछ निजी बैंकों की शाखाएं लगातार तीन दिन बंद रहेंगी। बैंक कर्मचारियों के संगठन यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) ने 5-डे वर्किंग की मांग को लेकर शुक्रवार को एक दिन की देशव्यापी हड़ताल का ऐलान किया है।हड़ताल के बाद 12 सितंबर को महीने का दूसरा शनिवार होने के कारण बैंक बंद रहेंगे और इसके अगले दिन 13 सितंबर को रविवार की वजह से भी बैंक शाखाओं में कामकाज नहीं होगा। ऐसे में ग्राहकों को लगातार तीन दिनों तक ब्रांच से जुड़ी सेवाओं के लिए इंतजार करना पड़ सकता है।
2 साल से लंबित है 5-डे वर्किंग की मांग
बैंक कर्मचारियों का कहना है कि 5 दिन कामकाज की मांग पिछले करीब दो साल से लंबित है। कर्मचारियों के संगठन सरकार और बैंक प्रबंधन से इस मांग को जल्द लागू करने की मांग कर रहे हैं।UFBU ने चेतावनी दी है कि अगर उनकी मांगों पर जल्द फैसला नहीं लिया गया तो 26 अक्टूबर से देशभर के बैंकों में अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू की जा सकती है।
मध्यप्रदेश में 7000 बैंक शाखाओं पर असर
बैंक कर्मचारियों के संगठन के अनुसार, शुक्रवार की हड़ताल का असर देशभर में देखने को मिला। मध्यप्रदेश में करीब 7000 बैंक शाखाओं में कामकाज पूरी तरह प्रभावित रहा। संगठन का दावा है कि इससे लगभग 5500 करोड़ रुपए का बैंकिंग कारोबार प्रभावित हुआ।हड़ताल के कारण ग्राहकों को नकद लेन-देन, चेक क्लीयरेंस, पासबुक अपडेट और अन्य ब्रांच स्तर की सेवाओं में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
ATM, UPI और मोबाइल बैंकिंग सेवाएं रहेंगी जारी
हालांकि बैंक ग्राहकों को पूरी तरह परेशान होने की जरूरत नहीं है। बैंकों की ओर से बताया गया है कि हड़ताल के दौरान UPI, मोबाइल बैंकिंग और ATM जैसी डिजिटल सेवाएं सामान्य रूप से चालू रहेंगी।ग्राहक ऑनलाइन ट्रांजेक्शन, फंड ट्रांसफर और अन्य डिजिटल बैंकिंग सेवाओं का इस्तेमाल कर सकेंगे। हालांकि, शाखाओं से जुड़ी सेवाओं पर हड़ताल का असर देखने को मिल सकता है।
ग्राहकों को पहले से तैयारी की सलाह
बैंक अधिकारियों ने ग्राहकों को सलाह दी है कि अगर उन्हें कैश निकासी, चेक जमा करने या किसी जरूरी बैंकिंग काम के लिए शाखा जाना है तो वे इसे पहले ही पूरा कर लें।लगातार तीन दिन बैंक बंद रहने के कारण सोमवार को शाखाओं में ग्राहकों की भीड़ बढ़ने की संभावना जताई जा रही है। बैंकिंग सेवाओं से जुड़े जरूरी कामों की योजना ग्राहक पहले से बना सकते हैं।