विमान ईंधन के दाम बढ़ते ही इंडिगो का बड़ा फैसला: डोमेस्टिक और इंटरनेशनल रूट्स पर बढ़ा फ्यूल सरचार्ज
हवाई सफर करने वाले यात्रियों के लिए बड़ी खबर है। देश की सबसे बड़ी एयरलाइन इंडिगो ने फ्लाइट टिकट पर फ्यूल सरचार्ज बढ़ाने का ऐलान किया है। नई दरें 6 अक्टूबर की रात 12:01 बजे से लागू होंगी। इसके बाद घरेलू उड़ानों के टिकट पर रूट के हिसाब से ₹1,300 तक अतिरिक्त फ्यूल चार्ज, जबकि इंटरनेशनल फ्लाइट्स पर ₹10,000 तक अतिरिक्त शुल्क देना पड़ सकता है।इंडिगो ने पिछले छह महीनों में तीसरी बार फ्यूल सरचार्ज बढ़ाया है। इससे पहले एयरलाइन ने 14 मार्च और 1 अप्रैल 2026 को भी किराए में बढ़ोतरी की थी। कंपनी का कहना है कि यह फैसला एविएशन टर्बाइन फ्यूल यानी ATF की बढ़ती कीमतों के कारण लिया गया है।
जेट फ्यूल की कीमत में बड़ा उछाल
1 अक्टूबर से घरेलू एयरलाइंस के लिए ATF की कीमत ₹121 से बढ़कर ₹137 प्रति लीटर हो गई है। यानी सिर्फ एक महीने में जेट फ्यूल करीब ₹16 प्रति लीटर, या लगभग 13.2% महंगा हुआ है।
पिछले तीन महीनों में भी ATF की कीमत लगातार बढ़ी है।
अगस्त में ₹5, सितंबर में ₹6.28 और अक्टूबर में ₹16 प्रति लीटर की बढ़ोतरी हुई। यानी तीन महीनों में जेट फ्यूल करीब ₹27.28 प्रति लीटर महंगा हो चुका है।
इंडिगो के मुताबिक, पिछले एक महीने में ही जेट फ्यूल की कीमतों में 14% से ज्यादा की बढ़ोतरी हुई है। बढ़ती कीमतों का सीधा असर एयरलाइंस के ऑपरेशनल खर्च पर पड़ रहा है।
एयरलाइंस पर क्यों पड़ता है इतना असर?
एयरलाइन कंपनियों के लिए जेट फ्यूल सबसे बड़े खर्चों में से एक है। ऑपरेटिंग कॉस्ट का करीब 30 से 40 फीसदी हिस्सा ईंधन पर खर्च हो सकता है। ऐसे में ATF महंगा होने पर एयरलाइंस के पास अतिरिक्त लागत को किराए के जरिए यात्रियों तक पहुंचाने का दबाव बढ़ जाता है।
भारत ही नहीं, दुनिया की कई एयरलाइंस भी बढ़ती ईंधन लागत से प्रभावित हुई हैं। एयर न्यूजीलैंड और क्वांटास जैसी कंपनियों ने भी बढ़ी हुई लागत का असर यात्रियों पर पड़ने की बात कही है।यानी अगर आप आने वाले दिनों में फ्लाइट से सफर करने का प्लान बना रहे हैं, तो टिकट बुक करने से पहले नए फ्यूल सरचार्ज को जरूर ध्यान में रखें।