×

अमीरों की संख्या में चौथे नंबर पर पहुंचा भारत, अमेरिका समेत इन देशों से है पीछे, यहां जानिए पूरी लिस्ट

 

किसी भी देश की बढ़ती हैसियत का अंदाजा वहां के अमीर लोगों को देखकर लगाया जाता है। दुनिया के दूसरे देशों के मुकाबले भारत में अमीर लोगों की संख्या लगातार बढ़ रही है। अब यह दुनिया का चौथा ऐसा देश बन गया है, जहां सबसे ज्यादा हाई नेटवर्थ इंडिविजुअल्स रहते हैं। नाइट फ्रैंक ग्लोबल वेल्थ रिपोर्ट 2025 के मुताबिक भारत में 85,698 लोग ऐसे हैं, जिनके पास 10 मिलियन डॉलर से ज्यादा की संपत्ति है। अब भारत इस मामले में सिर्फ अमेरिका, चीन और जापान से पीछे है। रिपोर्ट में कहा गया है कि भारत की मजबूत अर्थव्यवस्था, पूंजी तक बढ़ती पहुंच और उद्यमियों का बढ़ता टर्नओवर लोगों की बढ़ती संपत्ति के पीछे प्रमुख कारक हैं।

भारत में अमीर लोगों की संख्या बढ़ी है रिपोर्ट के मुताबिक पहले के दशकों में संपत्ति बनाने में काफी समय लगता था, लेकिन अब भारत के डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर, खासकर स्मार्टफोन और डिजिटल बैंकिंग के व्यापक प्रसार ने इसे आसान बना दिया है। रिपोर्ट में कहा गया है कि भारत में अरबपतियों की संख्या में जबरदस्त इजाफा हुआ है और यह पिछले साल के मुकाबले 12 फीसदी ज्यादा है। वर्ष 2023 में जहां देश में 165 अरबपति थे, वहीं अब वे बढ़कर 191 हो गए हैं। यानी एक साल में 26 नए अरबपति इस सूची में शामिल हुए हैं। इससे पहले वर्ष 2019 में सात लोग इस सूची में शामिल हुए थे।

भारत के अरबपतियों के पास कुल 0.95 ट्रिलियन डॉलर की संपत्ति है, जो फ्रांस, ब्रिटेन और जर्मनी से आगे है। जबकि यह केवल अमेरिका और चीन से पीछे है। रिपोर्ट के अनुसार, भारत में अरबपतियों की संख्या 2028 तक 43 प्रतिशत बढ़कर 1,22,119 हो सकती है। यह अनुमानित वृद्धि सभी प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में सबसे अधिक है। सबसे खास बात यह है कि भारत के अमीर लोग भी बाकी दुनिया की तरह रियल एस्टेट कारोबार को ज्यादा तरजीह दे रहे हैं। वैश्विक स्तर पर अरबपतियों की कुल संख्या का करीब 30 फीसदी हिस्सा रियल एस्टेट कारोबार से जुड़ा है और भारत में यह चलन और मजबूत हुआ है, जहां संपत्ति को प्रतिष्ठित माना जाता है।