Health Alert: बिसलेरी के पानी पर FSSAI का बड़ा एक्शन, दो बार जांच में फेल हुआ सैंपल; कोर्ट में चलेगा केस
देश की जानी-मानी पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर कंपनी बिसलेरी मुश्किलों में घिर गई है। भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने कंपनी के खिलाफ कोर्ट में मुकदमा चलाने की मंजूरी दे दी है। यह कार्रवाई पानी के सैंपल दो बार जांच में असुरक्षित पाए जाने के बाद की गई है। पहली जांच में पानी के अंदर ब्रोमेट की मात्रा निर्धारित सीमा से अधिक मिली थी। वहीं, दूसरी जांच में भी सैंपल मानकों पर खरा नहीं उतरा और उसमें PAHs नाम के रासायनिक तत्व पाए गए।
इस कार्रवाई ने पैकेज्ड पानी की गुणवत्ता और खाद्य सुरक्षा मानकों को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। खास बात यह है कि पानी के सैंपल बाजार से नहीं, बल्कि बिसलेरी कंपनी के परिसर से लिए गए थे।
दो बार जांच में फेल हुआ पानी का सैंपल
जानकारी के मुताबिक, FSSAI की पहली जांच में बिसलेरी के पानी में ब्रोमेट की मात्रा तय सीमा से ज्यादा पाई गई थी। इसके बाद कंपनी ने जांच के नतीजे पर आपत्ति जताई, जिसके बाद दोबारा सैंपल की जांच कराई गई।
दूसरी जांच में भी पानी को सुरक्षित नहीं पाया गया। इस बार सैंपल में PAHs नाम के रासायनिक तत्व मिलने की बात सामने आई। ब्रोमेट और कुछ PAHs स्वास्थ्य के लिए गंभीर जोखिम पैदा कर सकते हैं। PAHs के कुछ यौगिक कैंसर के खतरे से भी जुड़े हैं।
FSSAI के तहत चलेगा मुकदमा
FSSAI ने बिसलेरी के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत कानूनी कार्रवाई की मंजूरी दी है। प्राधिकरण के मुताबिक, जांच में सामने आए नतीजों के आधार पर कंपनी के खिलाफ कोर्ट में मामला चलाया जाएगा।
हालांकि, इस मामले पर कंपनी की प्रतिक्रिया सामने आने के बाद ही उसका पक्ष स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल यह कार्रवाई देश के प्रमुख पैकेज्ड वाटर ब्रांडों में शामिल बिसलेरी के लिए बड़ा झटका मानी जा रही है।
सिर्फ बिसलेरी ही नहीं, दूसरी कंपनियों पर भी कार्रवाई
FSSAI ने खाद्य सुरक्षा नियमों का पालन नहीं करने वाली अन्य कंपनियों के खिलाफ भी कार्रवाई की है। इनमें वसंत मसाला प्राइवेट लिमिटेड, टिट-बिट फूड्स इंडिया प्राइवेट लिमिटेड, मीमांसा इंडस्ट्रीज और आशा कन्फेक्शनरी जैसी कंपनियों के नाम शामिल हैं।
प्राधिकरण ने अलग-अलग मामलों में मुकदमा चलाने और उत्पादों को बाजार से वापस मंगाने जैसी कार्रवाई की है। इसका उद्देश्य खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करना और उपभोक्ताओं की सुरक्षा करना है।
कई कंपनियों के लाइसेंस भी निलंबित
खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन को लेकर FSSAI ने उर्मी लाइफसाइंस और गौर आयुर्वेदिक स्टोर के लाइसेंस भी निलंबित किए हैं।
वहीं, आशा कन्फेक्शनरी को अपने पहले से पैक किए गए चॉकलेट से भरे बिस्कुट बाजार से वापस लेने का निर्देश दिया गया है। जांच में इन उत्पादों को असुरक्षित पाया गया था।
FSSAI की इन कार्रवाइयों से साफ है कि खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वाली कंपनियों के खिलाफ सख्ती बढ़ाई जा रही है। बिसलेरी के मामले में अब कोर्ट की कार्यवाही और कंपनी का पक्ष सामने आने के बाद आगे की स्थिति स्पष्ट होगी।