×

बड़ी खबर! अब कागज नहीं प्लास्टिक के होंगे ₹10 और ₹20 के नोट? सरकार ने 2 अरब Polymer Notes के ट्रायल को दी मंजूरी​​​​​​​

 

हाल ही में मार्केट में प्लास्टिक करेंसी को लेकर काफी चर्चा हो रही है। पहले पॉलीमर नोटों के जल्द आने की खबरें आई थीं, जिससे नोटबंदी जैसी स्थिति फिर से बनने की अटकलें लगने लगी थीं। हालांकि, RBI ने साफ किया था कि ऐसी कोई योजना नहीं है। इसके बाद, RBI ने सरकार को प्लास्टिक नोटों के ट्रायल रन का प्रस्ताव दिया था, जिसे अब आधिकारिक मंजूरी मिल गई है।

**प्लास्टिक नोटों का ट्रायल रन**

सरकार ने हाल ही में ₹10 और ₹20 के प्लास्टिक नोटों को पूरी तरह से मार्केट में उतारने से पहले उनके ट्रायल रन को मंजूरी दी है। इस पहल के तहत, हर मूल्यवर्ग (डिनॉमिनेशन) के एक अरब (100 करोड़) पॉलीमर नोट बनाए जाएंगे। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने मंगलवार को राज्यसभा में इस मामले पर विस्तृत लिखित जवाब दिया।

**वित्त मंत्री ने क्या कहा**

सदन में अपने लिखित जवाब में वित्त मंत्री ने कहा, "सरकार ने इस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है।" RBI के अनुसार, ये पॉलीमर नोट मौजूदा कागजी नोटों के साथ ही चलन में रहेंगे। उन्होंने आगे बताया कि इन पॉलीमर नोटों की खरीद की प्रक्रिया अभी शुरुआती चरण में है; इसलिए, यह बताना अभी संभव नहीं है कि ये कब मार्केट में आएंगे या इनके उत्पादन और खरीद की लागत क्या होगी।

गौरतलब है कि भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने अपने केंद्रीय बोर्ड की सिफारिश के बाद सरकार को यह प्रस्ताव सौंपा था। प्रस्ताव में इन नोटों के सीमित स्तर पर ट्रायल की योजना बताई गई थी। अगर ट्रायल सफल रहता है, तो भविष्य में ₹10 और ₹20 के पॉलीमर नोट नियमित रूप से जारी किए जा सकते हैं।

सरकार से मंजूरी मिलने के बाद, उम्मीद है कि ये नोट जल्द ही मार्केट में आ जाएंगे। हालांकि, यह साफ है कि मौजूदा कागजी नोट पहले की तरह ही चलन में रहेंगे; उनमें कोई तत्काल बदलाव नहीं होगा और न ही उन्हें बंद किया जाएगा।